इंदौर

खेतों के पास और बंजर भूमि पर सौर ऊर्जा से उत्पादन में सतत वृद्धि

Share

 

पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनी क्षेत्र में कुसुम ए व सी में 234 मैगावाट के संयंत्र स्थापित

इंदौर। किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें सौर ऊर्जा उत्पादन की ओर प्रोत्साहित करने, ज्यादा बिजली उत्पादन पर सरकार द्वारा बिजली खरीदने के उद्देश्य से पीएम किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम) योजना का पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र में प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है।

अब तक 77 स्थानों पर किसानों व जमीन के मालिकों द्वारा प्लांट स्थापित कर 234 मैगावाट क्षमता से सौर ऊर्जा उत्पादन किया जा रहा है। कुसम ए में बंजर व कृषि भूमि पर आधा मैगावाट से लेकर दो मैगावाट तक का प्लांट लगाया जा सकता है। इसी तरह कुसुम सी अंतर्गत मौजूदा ग्रिडों से जुड़े विद्युतीकृत कृषि पंपों की खपत के बराबर या ज्यादा बिजली उत्पादित कर अतिशेष बिजली शासन को उपलब्ध कराई जाती है। इसका भुगतान संबंधित किसान या जमीन मालिक को राज्य द्वारा तय दर पर किया जाता है। पश्चिम क्षेत्र कंपनी क्षेत्र यानि मालवा निमाड़ में कुसुम ए के अंतर्गत 48 स्थानों पर 77 मैगावाट के एवं कुसुम सी में 29 स्थानों पर कुल 156 मैगावाट के सौलर संयंत्र स्थापित है। कुसुम सी अंतर्गत शासन द्वारा कुल 30 प्रतिशत सब्सिडी प्रदाय की जाती है।

योजना का उद्देश्य किसानों की कृषि उत्पादन लागत घटाना, दिन में सिंचाई के लिए बिजली की पर्याप्त उपलब्धता होना है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार अप्रैल प्रथम सप्ताह की स्थिति में एक ओर जहां 77 स्थानों पर कुसुम योजना अंतर्गत विद्युत उत्पादन जारी है, वहीं 45 नए किसानों, जमीन मालिकों ने भी सौर ऊर्जा उत्पादन में रूचि दिखाते हुए प्लांट के प्रस्तावित माडल को लेकर रूचि दिखाते हुए आवेदन दिए हैं, इन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आगामी माहों में कुसुम अंतर्गत सौर ऊर्जा उत्पादन सौ से ज्यादा स्थानों पर होने लगेगा।

Back to top button