स्पोर्टस

MPL 2026: देवास के 6 खिलाड़ियों पर लगी बोली, करोड़ों के मंच पर दिखेगा हुनर

Share

 

– सुविधाओं की कमी फिर भी जोश बरकरार

देवास। Madhya Pradesh League के आगामी सीजन में देवास के क्रिकेट खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जून से जुलाई 2026 के बीच में आयोजित होने वाली इस टी20 लीग में देवास के 6 खिलाड़ियों को विभिन्न फ्रेंचाइज़ी टीमों ने ऑक्शन में खरीदकर मौका दिया है। सीमित संसाधनों के बावजूद यह उपलब्धि देवास क्रिकेट के लिए गर्व का विषय है।

ऑक्शन में देवास के खिलाड़ियों पर जमकर बोली-
MPL 2026 के ऑक्शन में देवास के खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों ने खरीदा है, जो उनकी प्रतिभा का बड़ा प्रमाण है।

अजय रोहरा (विकेटकीपर बल्लेबाज) को जबलपुर रॉयल लायन्स ने 8 लाख 20 हजार रुपए में खरीदा

पंकज पटेल (गेंदबाज) को इसी टीम ने 3 लाख 60 हजार रुपए में शामिल किया।

आयाम सरदाना (गेंदबाज) को जबलपुर रॉयल लायन्स ने 75 हजार रुपए में खरीदा।

शांतनु रघुवंशी (ऑलराउंडर) को रॉयल निमाड़ ईगल्स ने 2.50 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा।

ईशान अफरीदी को ग्वालियर चीताज़ ने 2.40 लाख रुपए में खरीदा।

राकेश ठाकुर (विकेटकीपर) को मालवा स्टाल लायन्स ने 50 हजार रुपए में टीम में शामिल किया।

जबरदस्त क्षमता इन खिलाड़ियों की-
अजय रोहरा: विकेट के पीछे तेज रिफ्लेक्स और टॉप-ऑर्डर में आक्रामक बल्लेबाजी, पावरप्ले में स्ट्राइक रोटेशन और डेथ ओवर्स में फिनिशिंग इनकी खासियत है।

पंकज पटेल: नई गेंद से स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ, मिडिल ओवर्स में रन कंट्रोल और ब्रेकथ्रू दिलाने की क्षमता।

आयाम सरदाना: डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट, यॉर्कर और स्लोअर गेंदों का बेहतरीन उपयोग कर दबाव में विकेट निकालने में माहिर।

शांतनु रघुवंशी: भरोसेमंद ऑलराउंडर, गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। टीम बैलेंस का अहम हिस्सा है।

ईशान अफरीदी: आक्रामक अप्रोच, तेज गेंदबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं। एक्स-फैक्टर प्लेयर है।

राकेश ठाकुर: विकेटकीपिंग में स्थिरता, फुर्ती का जबरदस्त तालमेल और लोअर ऑर्डर में उपयोगी रन जोड़ने की क्षमता रखते हैं।

यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं-
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरुण रघुवंशी इस उपलब्धि पर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि देवास के खिलाड़ियों का MPL जैसे बड़े मंच पर चयन इस बात का प्रमाण है कि यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऑक्शन में खिलाड़ियों पर लगी बोली उनकी मेहनत और क्षमता को दर्शाती है। हमें विश्वास है कि ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देवास का नाम पूरे प्रदेश और देश में रोशन करेंगे।

मैदान की कमी: प्रतिभा के सामने सबसे बड़ी चुनौती-
देवास में क्रिकेट का जुनून तो है, लेकिन सुविधाओं का अभाव भी खिलाड़ियों के लिए बड़ी बाधा बना हुआ है। शहर में कोई स्थायी और व्यवस्थित क्रिकेट मैदान नहीं है, जिसके कारण खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर अभ्यास करना पड़ता है।

वर्षों से क्रिकेट प्रेमी और खिलाड़ी अच्छे मैदान की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों का कहना है, कि अगर देवास में एक अच्छा क्रिकेट ग्राउंड बन जाए, तो यहां से इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं। यहां टैलेंट की कोई कमी नहीं है, बस सही सुविधा मिलने की जरूरत है।

मध्यप्रदेश लीग में देवास के खिलाड़ियों की मौजूदगी यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के क्रिकेटर अपनी प्रतिभा के दम पर बड़े मंच तक पहुंच रहे हैं। अब सबकी नजर उनके प्रदर्शन पर है, जो देवास क्रिकेट के भविष्य को नई दिशा दे सकता है।

Back to top button