T20 World Cup 2026: अहमदाबाद में ही न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने की थी रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत हासिल

अब फाइनल की बारी, कीवी टीम पर रहेगा एक लाख से अधिक दर्शकों का मनोवैज्ञानिक दबाव
अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यही वह मैदान है, जहां भारत ने टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में खिताबी मुकाबले से पहले यह याद कीवी टीम पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बना सकती है। एक लाख से ज्यादा दर्शकों से खचाखच भरे इस भव्य स्टेडियम में भारत एक बार फिर इतिहास दोहराने की उम्मीद के साथ उतरेगा।
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम माना जाता है और यहां का माहौल किसी भी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है। 8 मार्च को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
इस मैदान को लेकर कुछ लोग इसे “पनौती” भी कह रहे हैं, क्योंकि 2023 के वनडे विश्व कप का फाइनल भारत यहां हार गया था। इतना ही नहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भी इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था। हालांकि आंकड़ों पर नजर डालें तो तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आती है।
दरअसल, भारतीय टीम का इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। भारत ने यहां अब तक 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 7 में जीत हासिल की है। यानी करीब 70 प्रतिशत जीत के साथ यह मैदान भारत के लिए काफी सफल साबित हुआ है।
दिलचस्प बात यह है कि टी20 इंटरनेशनल में भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी इसी मैदान पर आई थी और वह भी न्यूजीलैंड के खिलाफ। फरवरी 2023 में खेले गए मुकाबले में भारत ने 234 रन बनाए व न्यूजीलैंड को 168 रनों से हराकर इतिहास रच दिया था। उस मैच में शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में 126 रन बनाए थे, जबकि न्यूजीलैंड की पूरी टीम महज 66 रन पर सिमट गई थी।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का टी20 सफर 28 दिसंबर 2012 को शुरू हुआ था, जब टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 11 रन से हराया था। इसके बाद मार्च 2021 में यहां भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी, जिसमें भारत ने तीन मैच जीतकर अपनी पकड़ मजबूत दिखाई थी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी भारतीय टीम यहां दो मुकाबले खेल चुकी है। इनमें से एक में नीदरलैंड के खिलाफ जीत मिली, जबकि दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद इस मैदान पर भारत का आत्मविश्वास बरकरार है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम अपनी खूबसूरती और आधुनिक सुविधाओं के लिए भी जाना जाता है। यहां बैठने वाले दर्शकों को मैदान का दृश्य हर एंगल से शानदार नजर आता है। फाइनल में एक लाख से अधिक दर्शकों की मौजूदगी न्यूजीलैंड की टीम पर दबाव बढ़ा सकती है, जबकि भारतीय टीम को इसका पूरा फायदा मिल सकता है।
अब नजरें 8 मार्च के उस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं। अगर भारतीय टीम इस मैदान पर जीत दर्ज कर लेती है, तो “पनौती” की चर्चा भी खत्म हो जाएगी और भारत एक बार फिर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर सकता है।




