देवास के मुकेश चौधरी बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

देवास। अखिल भारतीय चंद्रवंशी खाती समाज के मूर्ति श्री जगदीश मंदिर पंच खातीयान पारमार्थिक ट्रस्ट की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में देवास जिले के मिर्जापुर निवासी मुकेश चौधरी को उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया है। इस नियुक्ति से समाजजनों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधियों को इसमें शामिल किया गया है। देवास जिले से मुकेश चौधरी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। चौधरी लंबे समय से समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभाते आ रहे हैं। सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण वे समाज में एक सम्मानित पहचान रखते हैं।
नियुक्ति के बाद उन्होंने वरिष्ठजनों और समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास करेंगे तथा समाज की एकता और विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।



