ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का कार्यक्रम आयोजित

रंगोली बनाकर दिया आदर्श ग्राम का संदेश
झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वाधान में विकासखंड पेटलावद की ग्राम पंचायत तारखेड़ी में ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान अंतर्गत सेक्टर स्तरीय ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान कार्यक्रम किया गया।
जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद प्रेमसिंह चौहान, ब्लॉक समन्वयक प्रवीण पंवार, आजीविका मिशन से रोशन सिंगार द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक प्रेमसिंह चौहान ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है जिसमें सभी गांव को जोड़ना है। गांव की छवि को सुधारना है। गांव में छुपी प्रतिभाओं को खोजना है। हमारा देश गांव का देश है, जिसमें कई प्रकार के लघु उद्योग स्थापित रहे हैं इनको बढ़ावा देना है जिससे गांव उन्नत हो सके। नशा मुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, सामूहिक परिवार को बढ़ाने के लाभ, गांव की चौपाल के माध्यम से लोगों को जोड़ना है। स्वामी विवेकानंद के बारे में बताते हुए कहा कि उठो जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करो, उनके इस मूल मंत्र को हमें सभी को अपनाना चाहिए, स्वावलंबन सामूहिक सहभागिता, मित्रता, पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय पर कार्य करने की जरूरत है जिससे हम अपने गांव का विकास कर सकते हैं।

विकासखण्ड समन्वयक पंवार द्वारा अभियान के तहत गांव विकास, पर्यावरण संरक्षण, एकता, स्वदेशी भाव, आदर्श ग्राम कैसे बनायें इसकी जानकारी दी गई।
ग्रामीण आजीविका मिशन NRLM से रोशन सिंगार (सहायक ब्लाक समन्वयक) ने अपने विभाग व शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा हम सभी को अपनी आर्थिक आजादी से मुक्त दिशा में काम करना चाहिए और स्वयं का रोजगार खोलना व चलाना चाहिए। पंचायत सचिव दिनेश मचार द्वारा आगामी लागू होने वाली योजना जे राम जी की के बारे में गांव में ही 125 दिन के रोजगार की जानकारी बताई। कार्यक्रम में स्वदेशी अभियान की शपथ जिला समन्वयक द्वारा दिलवाई गई। इस दौरान स्कूल के बच्चों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया व बच्चों को प्रशस्ति पत्र वितरण किए।

इस कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के सदस्य, पंचायत सचिव, पैसा मोबालाइजर, ग्रामसभा अध्यक्ष, सी.एम.सी.एल.डी.पी. छात्र, सेक्टर प्रभारी मनीष मैडा तथा ग्रामवासी उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण यादव द्वारा किया गया और आभार पंचायत सचिव मचार द्वारा किया गया।




