मंगेश गीते जैसे समर्पित कर्मचारी विभाग की सबसे बड़ी पूंजी हैं- मकसूद पठान

42 वर्षों की सेवा का स्वर्णिम अध्याय पूर्ण, मंगेश कुमार गीते को गरिमामय विदाई
विद्युत कर्मचारी संघ कंपनी फेडरेशन ने वृत्त कार्यालय में आयोजित किया सम्मान समारोह
देवास। मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी में 42 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं देने वाले निज सहायक मंगेश कुमार गीते के सेवानिवृत्त होने पर विद्युत कर्मचारी संघ कंपनी फेडरेशन ने गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया। भोपाल रोड स्थित वृत्त कार्यालय परिसर में आयोजित इस भावपूर्ण समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री गीते के सेवाकाल को स्मरण करते हुए उनके योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष मकसूद पठान के नेतृत्व में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि अधीक्षण यंत्री केतन रायपुरिया रहे, जबकि कार्यपालन यंत्री उमेश चौरसिया एवं एनके शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। फेडरेशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष कैलाश वर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 62 वर्ष की आयु में अधिवार्षिकी पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए श्री गीते को शाल-श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष मकसूद पठान ने अपने उद्बोधन में कहा कि मंगेश कुमार गीते जैसे कर्मचारी किसी भी विभाग की रीढ़ होते हैं। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में न केवल प्रशासनिक कार्यों को दक्षता से निभाया, बल्कि सहकर्मियों के बीच सौहार्द और अनुशासन की मिसाल भी कायम की। उनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
मुख्य अतिथि अधीक्षण यंत्री केतन रायपुरिया ने भी श्री गीते के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देवास सहित उज्जैन, नीमच एवं अन्य क्षेत्रों में पदस्थापना के दौरान विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संपादित कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मेरा भावनात्मक जुड़ाव बना रहेगा-
विदाई अवसर पर भावुक होते हुए मंगेश कुमार गीते ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्युत विभाग मेरा परिवार रहा है। 42 वर्षों की सेवा के दौरान मुझे वरिष्ठ अधिकारियों, साथियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों से जो सहयोग, सम्मान और स्नेह मिला, वह मेरे जीवन की अमूल्य पूंजी है। आज भले ही मैं सेवानिवृत्त हो रहा हूँ, लेकिन विभाग से मेरा भावनात्मक जुड़ाव सदैव बना रहेगा। उन्होंने सभी सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं देने पर धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर सीएस पवार, कमल कदम, रिजवान शेख, संजय सरमंडल, शंकरराव दलवी, उम्मेदसिंह राजपूत सहित फेडरेशन पदाधिकारी, कर्मचारी एवं विद्युत मण्डल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री गीते के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।





