शिक्षा

43 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद मनोहरलाल पटेल सेवानिवृत्त

Share

 

– विद्यालय में भावभीना सम्मान समारोह हुआ

देवास। श्रेष्ठ शिक्षण शैली, विद्यार्थियों में लोकप्रियता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक के वरिष्ठ शिक्षक मनोहरलाल पटेल शासकीय सेवा के 43 वर्ष पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में विद्यालय परिवार ने उनके उल्लेखनीय शिक्षण कार्य, अनुशासन और सेवा भावना का स्मरण करते हुए भावभीना सम्मान कर विदाई दी।

श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक के प्राचार्य कृष्णकुमार मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। शिक्षिका अंकिता व्यास एवं अंजू सोलंकी के मार्गदर्शन में छात्रों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस आयोजन में श्री पटेल का परिवार भी उपस्थित रहा। प्रशस्ति पत्र और हार-श्रीफल से स्टाफ ने सम्मान किया। प्रशस्ति पत्र का वाचन सादिया खान ने किया। अतिथि के रूप में ओपी दुबे उपस्थित रहे। श्री दुबे ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि श्री पटेल की यह सक्रियता सेवा भावना सतत जारी रहेगी।

प्राचार्य केके मिश्रा ने कहा कि श्री पटेल ने अपने कार्यकाल में छात्रों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया है। संस्था के लिए, छात्रों के लिए रचनात्मक कार्य में वे सदैव तत्परता से लगे रहे हैं। शिक्षक आरएस सोलंकी ने भी श्री पटेल के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय को उनकी कमी महसूस होगी। अनामिका अग्निहोत्री ने भी उनके व्यवहार और कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं व्यक्त की।

श्री पटेल ने संबोधन में कहा कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी जरूरत पड़ने पर छात्रों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक में उनका कार्यकाल यादगार रहा है, वे संस्था से मिले स्नेह सम्मान को कभी भुला नहीं पाएंगे। संचालन अनुज जायसवाल ने किया। आभार मिर्ज़ा मुशाहिद बैग ने व्यक्त किया।

Back to top button