ईश्वर नाम से जुड़ा हो बच्चों का नाम, मोबाइल बाबा से बचें- स्वामी उत्तम महाराज

ईश्वर नाम की माला का जाप न केवल इस युग बल्कि आने वाले युगों के भी उद्धार का मार्ग प्रशस्त करता है
क्षिप्रा/देवास। मां क्षिप्रा के पावन तट पर उत्तम स्वामी महाराज के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर भक्तिभाव से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला।
कथा में स्वामी जी ने कहा कि आज के समय में माता-पिता अपने बच्चों के नाम ऐसे रख देते हैं जिनका न तो कोई अर्थ होता है और न ही जीवन को कोई दिशा मिलती है। बच्चों के नाम सदैव ईश्वर से जुड़े होने चाहिए, ताकि नाम के साथ परमपिता परमात्मा का स्मरण निरंतर होता रहे। ईश्वर नाम की माला का जाप न केवल इस युग बल्कि आने वाले युगों के भी उद्धार का मार्ग प्रशस्त करता है।

स्वामी जी ने वर्तमान समय की जीवन शैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज एक नए “बाबा” का अवतरण हुआ है, जिसे “मोबाइल बाबा” कहा जा सकता है। आज का मनुष्य उठने से लेकर सोने तक मोबाइल से जुड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए “जल्दी सोना और जल्दी उठना” आवश्यक है।

श्री हरि कृष्ण मानव गौ सेवा संस्था के आयोजन में कृष्ण जन्मोत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा में मुख्य अतिथि के रूप में महेश चौधरी क्षेत्रीय संगठन मंत्री, भारतीय किसान संघ, हुकुमचंद सावला केंद्रीय संरक्षक, विश्व हिंदू परिषद, माला दीदी ठाकुर प्रांत उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, रामजी लोधी विभाग प्रचारक, देवास राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा नारायण यादव अध्यक्ष, मध्यप्रदेश कुश्ती संघ उपस्थित रहे।

कथा के प्रारंभ में व्यासपीठ का पूजन श्री हरि कृष्ण मानव गौ सेवा संस्थान के संस्थापक दिलीप अग्रवाल, उनकी धर्मपत्नी अनीता अग्रवाल तथा पुत्र आकाश एवं अंकित अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री जितेंद्र पवार एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री तपन भूमिक द्वारा भी पूजन संपन्न हुआ।




