धर्म-अध्यात्म

सिरोल्या में भक्ति की बही गंगा, सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या आयोजित

Share

 

सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम सिरोल्या में धर्म और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब जनपद सदस्य प्रतिनिधि राकेश मिश्रीलाल मंडलोई के निवास पर श्रीराम सुंदरकांड मंडल सेवा समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली के पूजन-अर्चन एवं भोग अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। “सांवरियो है सेठ, म्हारी राधा जी सेठानी है…”, “बीरा रे क्यों नहीं आयो रे…”, “नानी बाई को मायरो” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए।

रामायण की चौपाइयों के साथ-साथ खाटू श्याम, सालासर बालाजी एवं प्रभु श्रीराम की महिमा का सुंदर वर्णन किया गया। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और बड़ी संख्या में भक्त देर रात तक कार्यक्रम में डटे रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत देवास अध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश पटेल, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, धर्मप्रेमी नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button