किसान दिवस पर कृषि विज्ञान केन्द्र देवास में नवाचार के लिए सम्मानित हुए धर्मेंद्रसिंह राजपूत

देवास। कृषि विज्ञान केन्द्र में किसान दिवस पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के 123वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री से सम्मानित प्रगतिशील कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत को खेती में नवाचार, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आरपी शर्मा ने मुख्यमंत्री से सम्मानित कृषक राजपूत को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्रसिंह द्वारा अपनाई गई उन्नत तकनीकें, प्राकृतिक खेती के प्रयोग और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयास अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों से रासायनिक खेती से हटकर प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्री राजपूत ने जैविक खेती पर भाषण की प्रस्तुति देने वाली कविता दांगी, महक यादव, अमीना खान को मंच पर पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केएस भार्गव, डॉ. महेन्द्र सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरविंदर कौर, वैज्ञानिक नीरजा पटेल, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी विनेश मुजाल्दा, विद्याभूषण मिश्रा एवं पवन कुमार राजपूत सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।




