मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बागली में 34 करोड़ 49 लाख की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया

देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के बागली में 34 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएम राइज स्कूल का लोकार्पण कर नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का अवलोकन कर इस नई उपलब्धि के लिए बागलीवासियों को बधाई भी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एवं देवास जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, सासंद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक बागली मुरली भंवरा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, रायसिंह सेंधव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर ऋतुराज सिंह , पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि बागली में बने सांदीपनि विद्यालय का भवन बहुत ही अद्भुत और सर्व सुविधायुक्त है। सांदीपनि विद्यालय परियोजना मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जो गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को भी विश्वस्तरीय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के साथ प्रारंभ की गई है। सांदीपनि विद्यालयों में सर्व संसाधन युक्त अधोसंरचना विकसित की गई है एवं बच्चों के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। प्रदेश में सर्व सुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय बनाए जा रहे हैं। जहां पर बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियां और हर सुविधा मिलेगी।



