मालवा निमाड़ में झटपट मंजूर हो रहे रूप टॉप सोलर नेट मीटर के प्रकरण

– पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में 24730 उपभोक्ताओं को 192 करोड़ की सब्सिडी मिली
इंदौर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रभावी क्रियान्वय कर अधिकाधिक लोगों, मौजूदा बिजली उपभोक्ताओं को जोड़कर कम से कम समय में लाभान्वित किया जा रहा है।
इंदौर, उज्जैन, देवास सहित कंपनी क्षेत्र के सभी 15 जिलों में दैनिक रूप से हजारों लोगों को योजना की जानकारी दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 24730 उपभोक्ताओं को 192 करोड़ रूपए की सब्सिडी प्राप्त हो चुकी है।
मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली य़ोजना के लिए सभी इंजीनियरों को तेजी से प्रकरण निराकृत कर संबंधित उपभोक्ता को कम समय में बिजली उत्पादन एवं सब्सिडी लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए है। मौजूदा उपभोक्ता लोड बढ़ाना हो या फिर जोन, डिविजन से एप्रूवल… सभी कार्य दो से चार दिनों में अनिवार्य करने के लिए कहा गया हैं कि ताकि इच्छुक उपभोक्ता या आमजन मानस अपनी छत से पांच से सात दिनों में ही बिजली तैयार करने लगे।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी शाखा ने भी जरूरी कार्य कर प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रतिदिन मालवा निमाड़ यानि बिजली कंपनी क्षेत्र में जनजागृति शिविरों का संचालन भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक मालवा निमाड़ में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में योजना प्रारंभ से अब तक 192 करोड़ से ज्यादा की सब्सिडी केंद्र शासन द्वारा सीधे 24730 उपभोक्ताओं को प्रदान की जा चुकी है। प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि योजना अंतर्गत दैनिक प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रूप टॉप सोलर नेट मीटर के तहत कुल कनेक्शन 42500 और क्षमता करीब 305 मैगावाट हो चुकी है।



