नवागत नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने पदभार ग्रहण किया

देवास। मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय के आदेशानुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी दलीप कुमार (बैच 2019), जो पूर्व में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरसिंहपुर के पद पर पदस्थ थे, उन्हें नगर पालिक निगम देवास का आयुक्त नियुक्त किया गया है। सोमवार की दोपहर बाद वे नगर निगम मुख्यालय पहुंचे, जहां विधिवत रूप से उन्होंने अपना पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण करने के पश्चात नवागत आयुक्त दलीप कुमार सीधे शहर के धार्मिक और आस्था स्थल मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दरबार पहुंचे। उन्होंने टेकरी पर दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देवास के सर्वांगीण विकास, नगर की समृद्धि व नागरिकों के कल्याण की कामना की।

आयुक्त के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से प्राथमिक परिचय भी प्राप्त किया। आगामी दिनों में वे नगर निगम की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करेंगे और शहर की प्रमुख समस्याओं पर प्राथमिकता के साथ काम करेंगे।




