मूसलाधार बारिश में भी इंदौर की बिजली व्यवस्था रही मजबूत

कर्मचारियों की तत्परता से 99 प्रतिशत आपूर्ति रही सुचारू, 600 से अधिक शिकायतों का किया समाधान
इंदौर। शनिवार दोपहर को शहर में झमाझम बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। करीब दो इंच से अधिक वर्षा दोपहर से शाम तक लगातार होती रही। इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ और बड़ी-बड़ी शाखाएं टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बनी।
बारिश के बीच 5 स्थानों पर बिजली लाइनों पर पेड़ व शाखाएं गिरने से अवरोध उत्पन्न हुआ। एहतियातन दोपहर में शहर के चार ग्रिडों को सुरक्षात्मक कारणों से 5 से 15 मिनट तक बंद किया गया।
इसके बावजूद बिजली कंपनी के कर्मचारियों की मुस्तैदी और तत्परता से शहर की करीब 99 प्रतिशत बिजली आपूर्ति व्यवस्था सामान्य और सुचारू बनी रही।
बारिश में भी मैदान में डटे कर्मचारी-
तेज बारिश के बीच बिजली कंपनी के कर्मचारी रेनकोट पहनकर लगातार फील्ड में डटे रहे। उन्होंने ग्रिड, लाइन और ट्रांसफार्मरों पर सुधार कार्य कर कम से कम समय में आपूर्ति बहाल की। दोपहर से लेकर रात रात 9 बजे तक लगातार सुधार कार्य जारी रहा।
600 से अधिक शिकायतों का समाधान-
बारिश के दौरान लोगों की व्यक्तिगत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कराई। बिजली कंपनी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को 600 से ज्यादा व्यक्तिगत आपूर्ति शिकायतों (FOC) का तत्काल समाधान किया गया।

मध्य शहर संभाग अंतर्गत अन्नपूर्णा जोन में अन्नपूर्णा थाने के पीछे बड़ा वृक्ष बिजली लाइन पर गिरने से विद्युत लाइन क्षति ग्रस्त हुई थी। अन्नपूर्णा जोन के विद्युत कर्मियों ने त्वरित सुधार कार्य करते हुए तेज बारिश में पेड़ को काटकर लाइन के तार को पुनः ठीक कर विद्युत प्रदाय चालू कर दिया।
उपभोक्ताओं को मिली राहत-
भारी वर्षा और प्राकृतिक बाधाओं के बावजूद बिजली कंपनी ने जिस तत्परता से कार्य किया, उससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली। शहरवासियों ने भी कर्मचारियों की मेहनत और त्वरित कार्यशैली की सराहना की।



