सजगता, गंभीरता और स्पष्टता ही अधिकारी की सफलता के मुख्य गुण

– प्रबंध निदेशक श्री सिंह की मौजूदगी में मुख्य अभियंता रवि मिश्रा का विदाई समारोह
इंदौर। किसी भी अधिकारी सफलता सगजता, गंभीर प्रवृत्ति, प्रभावी प्रस्तुति, स्पष्टता और दायित्वों के प्रति समर्पित भावना होती हैं। इसी से अधिकारी की सफलता तय होती है। मैं खुश किस्मत हूं कि मुझे रवि मिश्रा जैसे अधिकारी के साथ कार्य करने का मौका मिला। मैं उनके सेवानिवृत्त उपरांत स्वस्थ और उज्जवल भविष्य़ की कामना करता हूं।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने ये विचार व्यक्त किए। श्री सिंह शुक्रवार अपराह्न बिजली कंपनी के पोलोग्राउंड मुख्यालय स्थित सभागार में मुख्य अभियंता व करीब 40 वर्ष तक बिजली इंजीनियर रहे रवि मिश्रा के सेवानिवृत्ति और विदाई समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

श्री सिंह ने कहा कि भारत सरकार के आदेशानुसार शासकीय कार्यालयों में प्रीपेड बिजली व्यवस्था की शुरुआत में श्री रवि मिश्रा का परिश्रम सराहनीय रहा। उनके कई कमेंट कंपनी एवं शासन के हित में यादगार रहेंगे। श्री सिंह ने उनकी स्पष्टवादिता की तारीफ करते हुए कहा कि जरूरी नहीं कि सभी लोग आपकी बात से सहमत हो, लेकिन नियम एवं कंपनी के हित में श्री मिश्रा की वाकपटुता और स्पष्टवादिता बहुत अच्छा अनुभव रही। इस अवसर पर श्री रवि मिश्रा और मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान आदि ने भी विचार रखे। अधिकारियों ने श्री मिश्रा का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ आदि भेंटकर सम्मान किया। अधिकारियों ने चार दशक की सेवा के दौरान अनुभव भी सांझा किए। संचालन अंजलि महावर ने किया।




