श्री रणवीर हनुमान मंदिर में बाबा मुक्तेश्वर महादेव का हुआ अभिषेक

देवास। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री रणवीर हनुमान रामायण मंडल द्वारा मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया।
मंडल अध्यक्ष अशोक जाट के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में बाबा मुक्तेश्वर महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत अभिषेक किया गया।

श्रावण मास शिव भक्ति का प्रतीक है और इसी को ध्यान में रखते हुए मंडल ने इस आयोजन को सामाजिक एकता, अखंडता और युवाओं को धर्म से जोड़ने के उद्देश्य से किया। अभिषेक के बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए।
धार्मिक उत्साह और सेवा भावना का मिला संगम-
मंदिर परिसर में भक्तों के लिए विशेष रूप से प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया। आयोजन में विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी रही, जिन्होंने मंदिर की साज-सज्जा, अभिषेक की व्यवस्था एवं प्रसाद वितरण में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
भविष्य में होंगे और भी आयोजन-
मंडल अध्यक्ष अशोक जाट ने बताया, कि श्रावण मास में हर सोमवार विशेष पूजा-अर्चना एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में धर्म के प्रति जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द्र भी बढ़े।
इस अवसर पर रामायण मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय श्रद्धालु, महिला भक्तगण एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




