औद्योगिक, उच्चदाब बिजली की आपूर्ति 8.50 फीसदी बढ़ी

– बिजली कंपनी क्षेत्र में अब कुल 4790 कनेक्शन, 3200 इंदौर के समीप
– 12 माह में 834 करोड़ यूनिट आपूर्ति
– औद्योगिक उच्चदाब कनेक्शन संचालकों को दी 800 करोड़ की छूट
इंदौर। औद्योगिक, उच्चदाब की बिजली मांग में पिछले 12 माह के दौरान 8.50 फीसदी की बढ़त रही। इसी के अनुरूप आपूर्ति की गई है। औद्योगिक उच्चदाब कनेक्शनों को बारह माह में 834 करोड़ यूनिट से बिजली की आपूर्ति हुई।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि एक वर्ष के दौरान औद्योगिक, उच्च दाब कनेक्शनों की संख्या लगभग 250 बढ़ी है, अब यह संख्या 4790 हो गई है। इन कनेक्शनों में 3200 से ज्यादा इंदौर के समीप स्थित है।
पिछले 12 माह के दौरान इन कनेक्शनों को कुल 834 करोड़ यूनिट बिजली वितरित हुई है, यह गत वर्ष समान अवधि की तुलना में 8.50 फीसदी ज्यादा है। पिछले वर्ष औद्योगिक , उच्चदाब कनेक्शनों को कुल 770 करोड़ यूनिट बिजली वितरित हुई थी। एक वर्ष के दौरान जहां कनेक्शनों की संख्या में 5.5 फीसद की बढ़ोतरी हुई है, वहीं बिजली आपूर्ति 8.50 फीसदी बढ़ी है।
इस तरह स्पष्ट है कि जो कनेक्शन पहले से मौजूद रहे हैं, वहां बिजली की ज्यादा मांग की स्थिति दर्ज हुई है।
प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि उच्चदाब कनेक्शनों की आपूर्ति, बिलिंग, इन्हें शासकीय नियमानुसार छूट या सहायता देने के लिए विशेष रूप से वरिष्ठ अधिकारी पदस्थ हैं, जो उद्योगपतियों, उद्योग संचालकों से सतत संपर्क में रहते हैं।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि पिछले वर्ष में इन औद्योगिक उच्च दाब कनेक्शन से संबंधित उपभोक्ताओं को पात्रतानुसार 800 करोड़ रूपए से ज्यादा की छूट दी गई हैं।
प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं के प्रति कंपनी उद्योग मित्र भावना के साथ कार्यरत हैं, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिलती रहे।



