इंदौर शहर के उत्तर क्षेत्र में बिजली सुधार, 78 हजार उपभोक्ताओं के बिलों में रियायत

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर शहर वृत्त के उत्तर संभाग कार्यपालन यंत्री ने बताया कि जून में विजय नगर क्षेत्र, वार्ड 21, वार्ड 22 क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति हुई है। मई में आंधी तूफान के कारण कुछ दिन अवरोध की स्थिति बनी थी। इसकी सूचना जन प्रतिनिधियों, रहवासियों को समय पर देकर कम से कम समय में बिजली सुधार की हरसंभव कोशिश की गई थी।
मौसम बिगड़ने से यदि कहीं फाल्ट आता है या पेड़ इत्यादि गिरने से आपूर्ति अवरोध आता है तो एसएमएस, वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना दी जाती है। मैंटेनेंस के लिए बिजली बंद रखने की सूचना भी एक दिन पहले एसएमएस, वाट्सएप ग्रुप इत्यादि माध्यमों से दी जाती है।
अप्रैल-मई में गर्मी के दौरान ज्यादा खपत होने से कुछ उपभोक्ताओं के रीडिंग बिल वास्तविक खपत के आधार पर ज्यादा आए हैं। इनकी खपत का परीक्षण कराकर सीमित खपत रखने की समझाइश दी गई है।
कार्यपालन यंत्री ने बताया कि उत्तर शहर संभाग में मासिक औसतन 73 हजार उपभोक्ताओं को अटल गृह ज्य़ोति योजना का लाभ देकर प्रथम 100 यूनिट तक बिजली 100 रुपए में प्रदान की जा रही हैं। प्रतिमाह उत्तर संभाग में उभोक्ताओं को ढाई करोड़ से तीन करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। उत्तर शहर संभाग के जोन के नंबर 24 घंटे कार्यरत हैं, जोन प्रभारी एवं अन्य अधिकारी सदैव उपभोक्ताओं के फोन सुन रहे ल।
शहर अधीक्षण यंत्री के 26 मई को जारी आदेश के अनुसार जोन स्तर पर अधिकारी शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुन रहे हैं। रहवासियों की ताजा स्थिति मांग पर आगामी समय कॉलोनियों, बस्तियों में शिविर लगाकर बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जाएगी।



