नगर निगम

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी पौधारोपण में सहभागिता

Share

– एक पौधा ‘मां’ के नाम से किया जाएगा रोपित

देवास। राज्य शासन की मंशानुसार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चलाए जा रहे अमृत मिशन के अंतर्गत नगर निगम द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसी क्रम में नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 21, गंगानगर स्थित विद्देश्वर महादेव मंदिर परिसर में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम उपायुक्त जाकिर जाफरी ने की, जिसमें एनयूएलएम अधिकारी विशाल जगताप भी उपस्थित रहे। बैठक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पौधारोपण कार्यक्रम में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

उपायुक्त जाफरी ने कहा कि, हम वृक्षों की पूजा करते हैं। यदि हम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करें, तो यह हमारे लिए आत्मिक संतुष्टि का कार्य होगा। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सभी को पौधारोपण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

एनयूएलएम अधिकारी श्री जगताप ने जानकारी दी कि शासन द्वारा पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल के लिए स्वयं सहायता समूहों को सहायता प्रदान की जाएगी।

बैठक के उपरांत नगर निगम द्वारा महिलाओं को “वूमेन फॉर ट्री किट” वितरित की गईं। इस अवसर पर ‘जय मां शारदा’, ‘साईं कृपा’ एवं ‘लक्ष्मी बचत शाखा’ की महिलाएं विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

Back to top button