देवास

शादी के नाम पर कुंवारे युवाओं से ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार

– भौंरासा पुलिस ने उज्जैन से किया गिरफ्तार

सोनकच्छ (सौरभ पुरोहित)। शादी के नाम पर ठगने वाली लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दुल्हन की गैंग के अन्य सदस्यों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन शातिर दुल्हन पुलिस के शिकंजे से दूर थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे उज्जैन से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार देवास जिले के भौंरासा थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर दो लाख रुपए ठगने वाली लुटेरी दुल्हन पर दो हजार रुपए का इनाम भी रखा गया था। लुटेरी दुल्हन और उसकी गैंग के सदस्य मालवा क्षेत्र के कुंवारों को ठगने का काम करते थे। भौंरासा के खोनपीर पिपलिया गांव की रहने वाली सागरबाई और उनका बेटा रवि इस गैंग के शिकार हुए थे। यह गैंग कुंवारे युवकों को अपने जाल में फंसाती थी। इस गैंग ने दो लाख रुपए लेकर रवि की शादी राधिका नाम की युवती से कराई थी। शादी के आठ दिन बाद राधिका अपने साथियों के साथ फरार हो गई थी।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दुल्हन समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें चार लोगों की गिरफ्तारी पहले ही हो गई थी और उन्हें कोर्ट से जमानत भी मिल गई थी। राधिका पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी। जनवरी में हुई वारदात के बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार उज्जैन से इसे गिरफ्तार किया। इसके बाद भौंरासा थाने लाया गया।

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button