क्राइम

लाखों की MD ड्रग्स और अफीम बरामद

Share

 

ऑपरेशन प्रहार: देवास पुलिस की बड़ी कार्यवाही

देवास। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ देवास पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” एक बार फिर रंग लाया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अवैध नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में, पुलिस ने 36 लाख रुपये मूल्य की MD ड्रग्स और अफीम बरामद कर 53.80 लाख रुपये की कुल जब्ती करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक दीशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजय गुर्जर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने एक सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया। 28 फरवरी 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की क्रेटा कार में एक तस्कर गजरा गियर्स चौराहे से अंबेडकर नगर की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहा है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गजरा गियर्स चौराहे और अंबेडकर नगर के बीच बैरिकेडिंग कर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर जब तलाशी ली गई तो कार में बैठे व्यक्ति के पास से 74 ग्राम MD ड्रग्स और 92 ग्राम अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरूख खान पिता साबिर खान (उम्र 25 वर्ष, निवासी भौसले कॉलोनी, देवास) के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 150/2025 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/22 में मामला दर्ज कर लिया।

जब्त सामग्री:
✅ MD ड्रग्स – 74 ग्राम (कीमत 35 लाख रुपये)
✅ अफीम – 92 ग्राम (कीमत 1 लाख रुपये)
✅ क्रेटा कार – 17 लाख रुपये
✅ 02 मोबाइल फोन – 80 हजार रुपये
▶ कुल जब्ती – 53.80 लाख रुपये

सराहनीय भूमिका-
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर, उपनिरीक्षक राकेश नरवरिया, जितेंद्र यादव, सचिन सोनगरा, प्रआर मनोज पटेल, आरक्षक सूरज, उदयप्रताप सिंह, गोपाल की विशेष भूमिका रही।

देवास पुलिस की अपराधियों को सख्त चेतावनी- पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कहा, कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान और भी तेज किया जाएगा। देवास पुलिस नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने नशे के सौदागरों में खलबली मचा दी है।

Back to top button