राजनीति

शादियों के आरोपों पर पूर्व मंत्री दीपक जोशी का बयान, बोले- सोमवार को सामने रखूंगा पूरी सच्चाई

Share
देवास। चार शादियों के आरोपों को लेकर सुर्खियों में आए मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने शनिवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनसे गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उन्होंने कभी बेइमानी नहीं की। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की सच्चाई वे सोमवार को सार्वजनिक करेंगे।
पूर्व मंत्री जोशी चार शादियों के आरोपों को लेकर चर्चाओं में हैं। इस पूरे प्रकरण पर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन में यश और अपयश दोनों साथ चलते हैं। उन्होंने कहा कि वे जिस परिवार से आते हैं, उसकी सामाजिक और सार्वजनिक जिम्मेदारियां काफी बड़ी हैं। जोशी ने कहा कि शादी से जुड़ा यह विषय सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया है, जबकि यह मामला नया नहीं है। उन्होंने बताया कि यह प्रकरण वर्ष 2006 से चला आ रहा है और इससे जुड़े मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। उन्होंने कहा, “हमसे गलतियां हुई होंगी, लेकिन बेइमानी नहीं की है। अगर कोई गलती है तो उसके लिए प्रायश्चित भी होता है।”
उन्होंने सार्वजनिक जीवन में नैतिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि जनजीवन में रहते हुए व्यक्ति को किसी भी तरह की गलती से बचना चाहिए और यदि गलती हो जाए, तो उसका प्रायश्चित भी आवश्यक है।
महिलाओं के साथ वायरल हो रही तस्वीरों को लेकर भी पूर्व मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं से जुड़े संपर्क, संबंध और पूरे विषय पर वे सोमवार को भोपाल में विस्तार से अपनी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे किसी गलती के दोषी पाए जाते हैं तो भारतीय कानून उन्हें दोषी ठहराएगा और यदि नहीं, तो निर्दोष माना जाएगा।
जोशी ने स्पष्ट किया कि वे फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन वे सोमवार को पूरे तथ्य और सच्चाई जनता के सामने रखेंगे।
Back to top button