देश-विदेश

France जिंदादिली से जीने वालों का अद्भुत शहर पैरिस

फ्रांस की राजधानी पैरिस जिंदादिली से जीने वालों का अद्भुत शहर है। ऐतिहासिक धरोहरों को किस खूबसूरती से सहेजा जाता है, इसका जीवंत उदाहरण हम यहां देख सकते हैं। यहां 2 हजार से अधिक स्मारक हैं, जिन्हें देखने के लिए हफ्ताभर भी कम पड़ जाएगा। दुनिया के सात आश्चर्यों में शुमार एफिल टाॅवर को कारीगरों की बेजोड़ कलात्मकता ने भव्य रूप प्रदान किया है। इसके टॉप पर पहुंचकर पूरी राजधानी के कोने-कोने को निहारा जा सकता है। यह फैशन व कला के मुख्य केंद्रों में से एक है। सेन या सीन नदी के किनारे बसा यह शहर 105 वर्ग किमी में फैला है। दुनिया के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक पैरिस को फैशन व ग्लैमर की राजधानी भी कहा जाता है।
इन दिनों सेवानिवृत्त अधिकारी प्रवीण त्रिवेदी अपनी फ्रांस की यात्रा पर है। उन्होंने News one click से चर्चा के दौरान अपनी यात्रा के रोचक-रोमांचकारी पलों का जिक्र किया। आइयें! हम उनके साथ आपको ले चलते हैं फ्रांस की ट्रिप पर। स्वयं प्रवीण त्रिवेदी की जुबानी जानते हैं पेरिस के रहन-सहन को, खानपान को, ऐतिहासिक धराेहरों को।
… पैरिस दुनिया के खूबसूरत शहरों में से एक है। यहां के लोग जिंदादिली से जीते हैं। विचारों में खुलापन देखने को मिलता है। यहां के लोग अपनी फिटनेस के प्रति बेहद जागरूक है। साइकलिंग के साथ पैदल चलना पसंद करते हैं। टूरिस्ट प्लेस पर भी खूब पैदल चलना पड़ता है। यहां टैक्सी के रूप में लग्जरी बीएमडब्ल्यू, ऑडी, जगुआर जैसे वाहन सड़कों पर दौड़ते हैं, इन्हें टैक्सी के रूप में देखकर मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ। यहां ट्रैफिक के रूल्स बड़े सख्त है। रूल्स तोड़ने पर फाइन भी तगड़ा है।
हमारे यहां जिस तरह से चाय की होटल या रेस्टोरेंट है, उस तरह से यहां बियर बार, स्मोकिंग जोन देखने को मिलते हैं। लोग स्मोकिंग के साथ-साथ ड्रिंक अधिक करते हैं। यह उनके जीने की स्टाइल कही जा सकती है।
यह शहर विश्वस्तरीय भोजन के लिए जाना जाता है, लेकिन मेरे जैसे शुद्ध शाकाहारी व्यक्ति के लिए भारतीय रेस्टोरेंट की खोज करना चुनौतीपूर्ण है। जहां आप सलाद खा रहे हो, वहां पास की टेबल पर नॉनवेज खाने वाले दिख जाते हैं। सबसे खास बात यह है, कि यहां भारतीय व्यंंजन के कई रेस्टोरेंट हैं। इनमें आप पसंदीदा भोजन कर सकते हैं। श्रीलंकन स्टोर में हल्दीराम कंपनी के नमकीन भी मैंने खरीदे। आप जितना अधिक पैसा खर्च करेंगे, उतनी सुविधा आपको मिल जाएगी। भारतीय खाना, मिठाई सभी कुछ मिलेगा। पराये देश में ये व्यंजन ही तो आपको अपने देश की यादें ताजा करते हैं। मुझे कई फ्रांसिसी भी इन व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आए।
हमारे यहां के आम की उम्दा वैरायटी यहां मिलती है। सब्जी मार्केट में करेले, बालौर, आलू-टमाटर, प्याज सहित तमाम तरह की सब्जियां जो हमारे यहां मिलती है, वह भी आप खरीद सकते हैं। कई तरह के रसीले फलों का स्वाद भी लिया जा सकता है, जाे सिर्फ यहीं पर मिलते हैं।
अब मैं आपको एफिल टॉवर की सैर करवाता हूं, यह दुनिया के सात आश्चर्य में से एक है। एफिल टावर को देखने के लिए दुनियाभर से पर्यटक आते हैं। हमें इस टॉवर की सैर करने में 6 से 7 घंटे का वक्त लगा। इस तीन मंजिला टावर की ऊंचाई लगभग 324 मीटर (1063 फीट) है। टावर की ऊपरी मंजिल तक पहुंचने के लिए टिकट लेना होता है। दूसरी मंजिल पर दो बड़े-बड़े रेस्टोरेंट है। यहां से आप पैरिस की खूबसूरती को निहार सकते हैं। जब मौसम साफ होता है तो लगभग 70 किमी की दूरी तक देखा जा सकता है। तीसरी मंजिल पर गुस्ताव आइफिल की मोम की मूर्ति रखी है। पैरिस का नजारा देखने के लिए कई दूरबीन रखी है, जहां सिर्फ 2 यूरो देकर आप नजारा देख सकते हैं। इस टावर की इंजीनिरिंग अद्भुत है। पूरे टावर की सैर करने में 88 यूरो (7806 भारतीय रुपए) खर्च हुए।
अब चलते हैं यहां के सबसे पुराने चर्च की ओर। यह चर्च लगभग एक हजार साल पुराना है और पहाड़ी पर सफेद पत्थरों से निर्मित है। चर्च तक पहुंचने के लिए ट्राम का किराया तीन यूरो है। यह ट्राम पहाड़ी पर चढ़ते समय कुछ तिरछी चलती है, जिससे आसपास का द्श्य बड़ा ही मनोरम प्रतीत होता है। हजार साल पहले निर्मित इस चर्च की अद्भुत कारीगरी मन में आश्चर्य पैदा करती है। काफी संख्या में विदेशी यहां आते हैं।


इसके बाद आपको सेन नदी के किनारे ले चलते हैं। इसकी सुंदरता हर किसी को लुभाती है। एक छोटे जहाज में सवारी कर आप पैरिस का मनोरम और विहंगम नजारा देख सकते हैं। इस जहाज में डेढ़ सौ से अधिक यात्री एक साथ सवार होते हैं। इस जहाज से लगभग 22 किमी की दूरी तय होती है। हमने लगभग तीन घंटे तक जहाज से पैरिस शहर की खूबसूरती को निहारा। फ्रांस की यात्रा के अगले चरण में मैं आपको अन्य स्थानों की सैर कराऊंगा…।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button