सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 85 हजार रुपए के जेवर बरामद

ताला तोड़कर सोने के टाप्स और चांदी की पायजेब ले भागा था आरोपी, पुलिस ने शत-प्रतिशत माल किया बरामद
देवास। टोंकखुर्द पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का महज 22 घंटे में खुलासा कर दिया।
सूने मकान का ताला तोड़कर सोने के टाप्स और चांदी की पायजेब चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब 85 हजार मूल्य का शत-प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया है। आरोपी से अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को थाना टोंकखुर्द में एक मजदूर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 4 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ ग्राम पोलाय (जिला शाजापुर) गया था। 5 जुलाई की रात उसके चचेरे भाई ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। अगले दिन घर पहुंचने पर उसने देखा कि मकान का मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर पेटी में रखे एक जोड़ी सोने के टाप्स और एक जोड़ी चांदी की पायजेब चोरी कर ले गया था।
फरियादी की शिकायत पर थाना टोंकखुर्द में धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजय सिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी हितेश पाटिल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
लगातार प्रयास और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने महज 22 घंटे के भीतर आरोपी अजय बिलावलिया (41 वर्ष) निवासी ग्राम देवली, थाना टोंकखुर्द को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से एक जोड़ी सोने के टाप्स और एक जोड़ी चांदी की पायजेब, कुल कीमत लगभग ₹85 हजार, बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस अब आरोपी से अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हितेश पाटिल, उप निरीक्षक चेतन यादव, प्रधान आरक्षक सुनील रावत, आरक्षक वीरेन्द्र चौहान, जोजनसिंह, दीपक, आलोक तथा मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




