शिक्षा

स्कूल ही चरित्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला: विधायक मुरली भंवरा

Share

 

 

विद्यार्थियों को मिली साइकिल, ₹25 हजार की घोषणा

बेहरी। वनांचल क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनका उज्ज्वल भविष्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी आज देश-प्रदेश के विभिन्न पदों पर सेवाएं देकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। “स्कूल बच्चे के चरित्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है।”

यह बात क्षेत्रीय विधायक मुरली भंवरा ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, कामठखेड़ा में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामसिंह ओसारी ने की। विशेष अतिथि के रूप में जटाशंकर मंडल अध्यक्ष गोविंद यादव, सरपंच तेजसिंह ओसारी, हाईस्कूल प्राचार्य प्रकाश डाबी, शिक्षक लोकेन्द्र परिहार, सरपंच प्रतिनिधि गोविंददास बैरागी, उपसरपंच लखन दांगी, पत्रकार हीरालाल गोस्वामी, मुरली राठौर तथा विधायक के निज सचिव विजय बागवान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक ओमप्रकाश यादव ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विद्यालय में 303 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कामठखेड़ा, रामपुरा, बावड़ीखेड़ा, पांजरिया और बीड़गांव जैसे दूरस्थ गांवों से बच्चे प्रतिदिन पैदल विद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में साइकिल योजना के तहत इस वर्ष 18 पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई।

नए हायर सेकेंडरी भवन की रखी मांग-
पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामसिंह ओसारी ने विद्यालय के लिए नए हायर सेकेंडरी भवन की मांग उठाई। शिक्षक लोकेन्द्र परिहार और मुकेश पाटीदार सहित अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार की ओर से देवकरण चौहान, गुलाब वास्केल, मंजू वास्केल, प्रेमनारायण पाटीदार तथा सहायक अधीक्षिका अनिता शुक्ला ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।

विद्यालय और छात्रावास का किया निरीक्षण- 
कार्यक्रम के दौरान विधायक मुरली भंवरा ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति रजिस्टर तथा संचालित आवासीय बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय की समस्याओं की जानकारी भी ली।

साउंड सिस्टम के लिए ₹25 हजार देने की घोषणा-
अपने संबोधन में विधायक ने विद्यालय के लिए साउंड सिस्टम खरीदने हेतु ₹25 हजार की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को मोरध्वज की प्रेरक कहानी सुनाई और उनसे प्रश्न पूछकर सही उत्तर देने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश तंवर ने किया, जबकि अंत में संस्था के प्राचार्य परसराम पिंडोरिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Back to top button