क्राइम

वन अमले पर हमले के 4 घंटे के भीतर पुलिस का एक्शन, 4 आरोपी गिरफ्तार

Share

 

– अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान किया था हमला, शासकीय वाहनों और जेसीबी में भी की थी तोड़फोड़

– भील आमला में वन विभाग की टीम पर पथराव और हमले के मामले में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

देवास। कमलापुर क्षेत्र के ग्राम भील आमला में वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान शासकीय अमले पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। घटना के महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई थी। साथ ही शासकीय वाहनों एवं जेसीबी मशीनों में तोड़फोड़ कर नुकसान भी पहुंचाया था।

शनिवार को वन विभाग की टीम ग्राम भील आमला में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। कार्रवाई के दौरान गांव के करीब 20 से 25 लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस दौरान शासकीय वाहनों और जेसीबी मशीनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में वन विभाग के पांच कर्मचारी घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली संजय सिंह बैस, थाना प्रभारी बागली निरीक्षक मनोज सिंह तथा बिजवाड़ चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनय सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के संबंध में थाना कमलापुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीमों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए ग्राम भील आमला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। इसके परिणामस्वरूप घटना के मात्र चार घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. शिवम पिता गब्बर डाबर (24 वर्ष), निवासी ग्राम भील आमला

2. विशाल पिता दिलीप बुंदेला (26 वर्ष), निवासी चौकी मोहल्ला, भील आमला

3. मंसाराम पिता भेरुजी (50 वर्ष), निवासी ग्राम भील आमला

4. धन्नालाल पिता मानसिंह बामनिया (50 वर्ष), निवासी ग्राम भील आमला

पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देश पर जिले में कानून व्यवस्था भंग करने वाले और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश भी की जा रही है। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। 

संबंधित खबर: वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, ग्रामीणों ने बरसाए पत्थर; 6 वनकर्मी घायल, ड्रोन और वाहन तोड़े

Back to top button