जनसंवाद कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने सुनी कार्यकर्ताओं की बात

Posted by

  • उम्मीदवार कोई भी हो हमारा उम्मीदवार सिर्फ हाथ का पंजा है- दिग्विजयसिंह

देवास। स्थानीय मंडी धर्मशाला में आयोजित विधानसभा 171 के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। मैं पुलिस की इंटेलिजेंस पर भरोसा नहीं करता हूं। पहली बार मुझसे कहा, कि आपकी सरकार नहीं बन रही है और सरकार बन गई। दूसरी बार फिर कहा कि सरकार नहीं बन रही है तो बन गई। तीसरी बार कहा, कि आपकी सरकार बन रही है तो सरकार नहीं बनी। हमें अपने काम पर पूरी ईमानदारी के साथ लगना है। हमारा उम्मीदवार सिर्फ हाथ का पंजा है। उम्मीदवार कोई भी हो हमें उससे कोई मतलब नहीं है। हमें तो सिर्फ पंजे पर ही ध्यान देना है।

इसी के साथ पूर्व सांसद रामेश्वर निखरा ने कहा कि हमें शपथ लेना होगी कि हम कांग्रेस पार्टी का काम पूरी ईमानदारी के साथ करेंगे। जो कांग्रेस पार्टी के साथ गड़बड़ करेगा, उसे हमारे साथ रहने का अधिकार नहीं रहेगा। आप लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहें, लड़ाई लड़ोगे तो जीत जाओंगे।

इसी के साथ पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि हम कन्नौद-खातेगांव, हाटपीपल्या विधानसभा का चुनाव जीतेंगे। जहां तक देवास की बात है यहां हमें शहर की नई-नई बस्तियों में जाकर काम करना होगा। शहर के नए हिस्सों में सेंध लगाना होगी तब सफलता मिलेगी। आज 1990 के बाद से देवास का विकास रुक गया है। भ्रष्टाचार चरम पर है। अब 40 प्रतिशत कमीशन नहीं, देवास में 80 प्रतिशत कमीशन खाया जाता है। एक तरह से डकैती डाली जाती है। अपने आपको जो मामा कह रहे हैं, वह कलियुग के मामा हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है।

श्री जोशी ने कहा कि कांग्रेस लंबी विरासत के साथ काम करती है। हमें प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना है। यह पहला मौका था जब सभी महिलाओं को मंच पर सामने बैठाया गया था। दिग्विजयसिंह सहित सभी वरिष्ठ नेता मंच के सामने सबसे पीछे की ओर बैठे थे। मंच पर दिग्विजयसिंह के साथ पूर्व मंत्री विधायक सज्जनसिंह वर्मा सहित प्रभारी एवं पर्यवेक्षक व वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। जनसंवाद कार्यक्रम में अनेक वक्ताओं ने अपनी बात रखते हुए आगामी समय में होने वाले चुनाव को लेकर सुझाव दिए, जिसे श्री सिंह ने नोट किया। कार्यक्रम का संचालन शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने किया व आभार शौकत हुसैन ने माना। मंडी धर्मशाला आगमन पर सेवादल के जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह दरबार एवं उनके साथियों ने सेवादल की ओर से श्री सिंह को गार्ड आफ आनर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *