पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में अच्छा कार्य करने पर हजारों का पुरस्कार

इंदौर। मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने प्रधानमंत्री सूर्य़घर मुफ्त बिजली योजना में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कंपनी कार्मिकों को पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिया है। कार्मिकों को हजारों रुपए का नकद पुरस्कार प्राप्त होगा। कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के आदेशानुसार योजना संबंधी दिशा-निर्देश प्रसारित कर दिए गए हैं।
योजना के अनुसार जोन, वितरण केंद्र प्रभारी को 10 हजार रुपए, संभाग प्रभारी कार्यपालन यंत्री को 45 हजार रुपए, वृत्त प्रभारी अधीक्षण अभियंता को 30 हजार रुपए, क्षेत्रीय मुख्य अभियंता रीजनल चीफ इंजीनियर को 15 हजार रुपए की पुरस्कार राशि मानदेय के रूप में प्रदान की जाएगी। उक्त पुरस्कार योजना वित्तीय वर्ष 2025-26, 26-27 तक कंपनी के लक्ष्य के मुताबिक अपने अपने क्षेत्र में कंपनी द्वारा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सौर ऊर्जा प्रोत्साहन देने वाले कार्मिकों के लिए लागू की गई है। प्रत्येक संभाग के अग्रणी तीन जोन वितरण केंद्रों को श्रेष्ठ कार्य करने पर इनाम मिलेगा। ये पुरस्कार 26 जनवरी और 15 अगस्त को प्रदान किए जाएंगे। ज्ञातव्य हैं कि कंपनी मालवा निमाड़ में जल्दी ही रूफ टॉप सोलर नेट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं की संख्या एक लाख के पार करने की योजना पर कार्य कर रही है। पीएम सूर्य़घर मुफ्त बिजली योजना में केंद्र सरकार उपभोक्ता को तीन किलो वाट के संयंत्र पर सीधे 78 हजार रूपए की अधिकतम सब्सिडी बैंक खातों में प्रदान कर रही है।




