इंदौर

जागरुक नागरिकों ने वी कनेक्ट एप से दी सूचना, 81 लाख की बिजली चोरी, अनियमितताएं पकड़ी

Share

 

इंदौर। बिजली कंपनी के वी कनेक्ट एप के माध्यम से पोलो ग्राउंड में सतत सूचनाएं मिल रही है। इसी के मद्देनजर विजिलेंस एवं मैदानी टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। अब तक बिजली चोरी, अन्य अनियमितताएं मिलाकर कुल 334 पंचनामें तैयार कर 81 लाख रुपए की बिलिंग की गई है।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर वी कनेक्ट एप लांच कर इसका उपयोग करने के तौर तरीके सुझाए गए थे। कंपनी क्षेत्र के इंदौर, उज्जैन, देवास, धार समेत सभी पंद्रह जिलों में आम नागरिकों, जागरूक उपभोक्ताओं से आह्वान किया गया था कि वे वी कनेक्ट एप को डाउनलोड कर निम्नदाब भार वृद्धि, सिंचाई क्षेत्र में भार वृद्धि, अन्य श्रेणी में बिजली उपयोग, अन्य परिसरों में अनाधिकृत बिजली उपयोग, मीटर से छेड़छाड़ या बायपास, विच्छेदित कनेक्शन से बिजली का अनाधिकृत उपयोग, विद्युत चोरी, हुकिंग, अवैध कनेक्शन, गलत मीटर रीडिंग इत्यादि सूचनाएं अपलोड करे। कंपनी के इस आह्वान को बेहतर प्रतिसाद मिला है। सतत ही सूचनाएं मिल रही हैं, कार्रवाई भी हो रही है।

कंपनी के मुख्य सतर्कता अधिकारी एसआर बमनके ने बताया कि इस एप को अब तक हजारों लोगों ने डाउनलोड किया हैं। अब तक 400 से ज्यादा सूचनाएं बिजली कंपनी के आईटी सेक्शन को मिली हैं। 334 पंचनामें बनाकर कुल 81 लाख रूपए की बिलिंग की गई है। बिलिंग के बाद राशि की वसूली भी की जा रही है। कंपनी की ओर से सूचनादाता का नाम, पता गोपनीय रखकर उसे विधिवत रूप से पारिश्रमिक/प्रोत्साहन राशि भुगतान का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। मीटर बायपास कर बिजली उपयोग की सूचना देने वाले को पहला पारितोषिक प्रदान किया गया।

चोरी, अनियमितताएं से बचे-
कंपनी ने बिजली चोरी, अनियमितताएं नहीं करने का एक बार फिर आह्वान किया हैं। बिजली चोरी, अनियमितता से कई बार हादसे हो जाते हैं, आपूर्ति बाधित हो जाती है। साथ ही चोरी पकड़ाई जाने पर दंड राशि, सजा का भी कानूनन प्रावधान है।

Back to top button