दुर्गा अष्टमी पर संस्था अनंता के पंडाल में महाआरती, भंडारे में श्रद्धालुओं को बांटा फलाहारी प्रसाद

– मां जगदंबा की आराधना की, फलाहारी प्रसाद का वितरण कर दिया सेवा का संदेश
देवास। दुर्गा अष्टमी के पावन पर्व पर धार्मिक आस्था, सेवा और समर्पण का भाव उस समय विशेष रूप से नजर आया, जब संस्था अनंता परिवार के पंडाल में मां जगदंबा की महाआरती के लिए श्रद्धालु एकत्रित हुए। भक्तिमय वातावरण में मां की पूजा-अर्चना की गई।
महाआरती में मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर माता रानी के चरणों में शीश नवाया तथा सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आरती के पश्चात भंडारे का शुभारंभ कर श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया।

संस्था अनंता परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजय दायमा, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मनोरमा सोलंकी, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव एवं मनीष सोलंकी विशेष रूप से शामिल हुए। इनके साथ संस्था रामराम संगठन के शैलेन्द्रसिंह पंवार, मातृशक्ति संगठन के मिथलेश सोनी, भाजपा जिला सह कार्यालय मंत्री पुष्पलता सोनगरा, मोनिका शर्मा और साधना काले सहित मातृशक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित हुए।

महाआरती के बाद भंडारे का शुभारंभ, प्रसाद वितरण-
सभी अतिथियों और उपस्थित सदस्यों ने मां जगदंबा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद सामूहिक रूप से महाआरती कर माता रानी की आराधना की। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से माता के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। महाआरती के बाद अतिथियों ने भंडारे का शुभारंभ किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर संस्था अनंता परिवार की ओर से सभी अतिथियों का लाल दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। संस्था अनंता परिवार के संयोजक अजय सैंधव और दिनेश सांखला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया।
संस्था के अन्य सदस्यों ने भी मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। दुर्गा अष्टमी के अवसर पर आयोजित महाआरती और भंडारे में श्रद्धा के साथ सेवा-सत्कार की परंपरा का निर्वहन किया गया।



