अवैध नंबर प्लेट और हूटर के विरुद्ध परिवहन विभाग की कार्रवाई
करीब 100 वाहनों की जांच, 33 वाहनों के चालान कर 18 हजार रुपए का राजस्व वसूला

इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार यातायात नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा तेजाजी नगर चौराहे पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों, शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगाने वाले वाहनों तथा नंबर प्लेट पर धार्मिक प्रतीक, अनधिकृत नाम एवं अन्य अवैध प्लेटों का उपयोग करने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान करीब 100 वाहनों की जांच की गई, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 33 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया गया।
अभियान के दौरान कार्रवाई को प्रभावित करने और रोकने के लिए दबाव बनाने के प्रयास भी किए गए। इसके बावजूद परिवहन विभाग की टीम ने बिना किसी दबाव में आए निष्पक्षता एवं दृढ़ता के साथ नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियम सभी के लिए समान है। किसी भी व्यक्ति के पद, प्रभाव अथवा सामाजिक प्रतिष्ठा के आधार पर नियमों के उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और वाहन संबंधी नियमों के पालन के लिए विभाग द्वारा इस प्रकार के जांच अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) राजेश गुप्ता एवं परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले द्वारा की गई।




