भौंरासा में 16 अक्टूबर को निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा, जल संरक्षण और नशामुक्ति का दिया जाएगा संदेश
माता के नौ स्वरूपों में सजी बच्चियां बघ्घियों में रहेंगी आगे, नगर के प्रमुख मार्गों से होकर शक्ति माता मंदिर पहुंचेगी यात्रा

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से संस्था मां शारदा, इंदौर द्वारा 16 अक्टूबर को नगर में चुनरी यात्रा निकाली जाएगी।
इस वर्ष यात्रा के माध्यम से ‘जल है तो कल है’ और ‘नशा जीवन का नाश है’ जैसे संदेश घर-घर तक पहुंचाए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार से जोड़ने, महिलाओं को सशक्त बनाने और नगर में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना भी की जाएगी।
संस्था के संस्थापक एवं संयोजक एडवोकेट प्रमोद कुमार द्विवेदी ने बताया कि संस्था प्रतिवर्ष नवरात्रि के अवसर पर चुनरी यात्रा का आयोजन करती है। इस बार यात्रा को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कम बारिश होने के कारण जल संरक्षण की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए लोगों को पानी बचाने तथा भविष्य की जरूरतों के लिए जल का महत्व समझाने का प्रयास किया जाएगा।
नशे से दूर रहने और समाज सुधार की अपील-
चुनरी यात्रा में नशामुक्ति का संदेश भी प्रमुखता से दिया जाएगा। संस्था का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। संस्था के सदस्यों के अनुसार नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। इसके अलावा युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जैसे विषयों पर भी जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
शक्ति माता मंदिर पहुंचेगी यात्रा-
संस्था के सहयोगी संतोष वर्मा, चैनसिंह यादव, केदार यादव और निक्की वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे चौधरी धर्मशाला में पूजन के बाद चुनरी यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए हनुमान चौक, बस स्टैंड और बाबा भंवरनाथ जी मंदिर के मार्ग से होकर शक्ति माता मंदिर पहुंचेगी।
यात्रा में सैकड़ों महिलाएं, युवतियां और पुरुष चुनरी थामकर पैदल चलेंगे। इस वर्ष यात्रा का विशेष आकर्षण माता के नौ स्वरूपों में सजाई गई बच्चियां रहेंगी, जो बघ्घियों में सबसे आगे चलेंगी। यात्रा के दौरान वे नगरवासियों को आशीर्वाद देंगी और समाज से नशाखोरी छोड़ने की अपील से जुड़े संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे। यात्रा में डीजे और ढोल सहित अन्य धार्मिक आयोजन भी रहेंगे।
सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय है संस्था-
संस्था मां शारदा भौरासा में लगातार सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाती रही है। संस्था की ओर से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई मशीनों का वितरण भी किया जाता रहा है। संस्था के संयोजक एडवोकेट प्रमोद कुमार द्विवेदी इंदौर में वकालत करते हैं, लेकिन भौरासा से अपने जुड़ाव के चलते यहां धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में योगदान देते रहते हैं।
संस्था ने भौंरासा सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से चुनरी यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने और मां शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



