धर्म-अध्यात्मनगर निगम

नवरात्रि से पहले सजने लगा देवास, मुख्य मार्गों पर रोशनी और रंग-बिरंगी पताकाओं की होगी सजावट

Share

– माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी तेज, नगर निगम ने शुरू कराया सौंदर्यीकरण

देवास। शारदीय नवरात्रि शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और इसके साथ ही देवास भी उत्सव के रंग में रंगने लगा है। शहर में जगह-जगह सजावट का काम शुरू हो गया है।

नगर निगम ने नवरात्रि को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों और चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए लाइटिंग और मल्टी कलर पताकाएं लगाने का काम तेज कर दिया है।

11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि पर्व के दौरान माता टेकरी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर के प्रवेश मार्गों से लेकर प्रमुख रास्तों तक सजावट की जा रही है। शाम होते ही कई मार्गों पर रोशनी और रंग-बिरंगी पताकाएं शहर के उत्सवी माहौल को और खास बना रही हैं।

महापौर ने मौके पर पहुंचकर देखा काम-
बुधवार शाम महापौर गीता अग्रवाल ने विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, निगम लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सुरेश सिलोदिया, भाजपा नेता विपुल अग्रवाल और निगम अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे साज-सज्जा कार्य का निरीक्षण किया।

महापौर ने विभिन्न मार्गों पर लगाई जा रही लाइटिंग और पताकाओं की व्यवस्था देखी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सजावट का काम समय पर पूरा करने और व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी-
विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान माता टेकरी पर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मार्गों को सजाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम की ओर से प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है, जिससे नवरात्रि के दौरान शहर का वातावरण और आकर्षक नजर आएगा।

Back to top button