आंगन मिलन सेवा: आंगनवाड़ी में उत्सव जैसा माहौल, कार्यकर्ता बहनों का हुआ सम्मान

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। प्रदेशभर में चल रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के तहत बेहरी अंचल की आंगनवाड़ियों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
परियोजना अधिकारी कौशल्या मालवीय के मार्गदर्शन में 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में अंचल के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर जवारा स्थापना और नवाखाई पर्व मनाया गया। केंद्रों को फूल, पत्तियों, अनाज और नई फसल से सजाया गया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भूरीबाई सेंधव, संगीता गोस्वामी, शर्मिला तंवर, चिंतामणि सोलंकी, रेखा माली, सुमन बामने, भगवंता बामने, ममता गुनिया, राजू सोलंकी, उर्मिला पाटीदार, सुनीता मौर्य, राजनंदा सहित कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने गांव की वरिष्ठ महिलाओं और सहयोगी बहनों को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।

इस दौरान बच्चों के लिए खेल, कहानी, चित्रकला गतिविधियां कराई गईं, गर्भवती एवं धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और फल-मिठाई का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी माताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आंगनवाड़ी केंद्र को सेवा, पोषण और सम्मान का केंद्र बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




