3 अक्टूबर को देवास में निकलेगी सद्भावना संकल्प यात्रा, सेवादल ने बनाई रणनीति

सेवादल की जिला स्तरीय बैठक में पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कार्यकर्ताओं से सफेद ड्रेस में शामिल होने का किया आह्वान
देवास। 3 अक्टूबर को देवास शहर में निकलने वाली सद्भावना संकल्प यात्रा को लेकर जिला सेवादल की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में यात्रा को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सफेद ड्रेस में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। यात्रा सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी।
पूर्व मंत्री श्री वर्मा, जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह दरबार, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम, प्रदीप चौधरी, राजेंद्र मालवीय की उपस्थिति में बैठक में निर्णय लिया गया कि 3 अक्टूबर को सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्री निवासन के नेतृत्व में देवास में सद्भावना संकल्प यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सेवादल एक पवित्र संगठन है। इसकी सफेद ड्रेस पवित्र है, इसके काम करने का उद्देश्य पवित्र है, सेवा ही सेवादल का संकल्प है। इस संकल्प को सफल बनाने के लिए हमें सेवा दल के साथ रहकर इसे मजबूती प्रदान करना होगी। सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में निकलने वाली सद्भावना संकल्प यात्रा को हमें पूरी ताकत से सफल बनाना है। मेरा अनुरोध है कि अधिक से अधिक साथी सफेद ड्रेस में उपस्थित रहे।
इसी के साथ शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम, राजेंद्र मालवीय, प्रदीप चौधरी, रोहित बंडडावाला ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन राधाकिशन सोलंकी ने किया एवं आभार सेवादल के शहर अध्यक्ष गुलाबसिंह ठाकुर ने माना।




