कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने ली माताजी टेकरी पर नवरात्रि पूर्व व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक

– निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश
– नवरात्रि से एक माह पूर्व सभी सिविल वर्क पूर्ण करने की समय-सीमा तय
– ढलान वाले मार्गों पर लगेंगे नॉन-स्लिप स्ट्रिप्स, मंदिर में होगा आकर्षक लाल रंग का पेंट
– लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नकारात्मक खबरों पर जताई नाराजगी
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर माताजी टेकरी पर व्यवस्थाओं और वहां चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में समीक्षा बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर ने टेकरी पर किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान माताजी टेकरी पर चल रहे टीन शेड निर्माण, परिक्रमा पथ, रपट मार्ग सहित अन्य सिविल कार्यों की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या नकारात्मक खबरें सामने नहीं आनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि टेकरी पर जहां भी ढलान वाले रास्ते हैं, वहां तत्काल ‘नॉन-स्लिप स्ट्रिप्स’ लगाई जाए ताकि दर्शनार्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
सीढ़ी मार्ग, रोप-वे और रपट मार्ग पर बनेंगे लड्डू काउंटर-
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि माताजी टेकरी पर सीढ़ी मार्ग, रोप-वे और रपट मार्ग पर लड्डू काउंटर बनाए। उन्होंने कहा कि इन काउंटरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रतिदिन सुगमता से लड्डू प्रसाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, टेकरी पर वर्तमान में संचालित भोजन प्रसादी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने माताजी टेकरी पर संचालित भोजन प्रसादी काउंटर के साथ रपट मार्ग पर निर्माणाधीन हॉल के पास एक नया भोजन प्रसादी काउंटर तैयार करने के निर्देश भी दिए।
एक माह में सिविल वर्क पूरा करने के निर्देश-
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नवरात्रि की शुरुआत में अभी लगभग एक महीने का समय शेष है। इस अवधि में सभी प्रकार के सिविल और निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने इस दौरान मंदिर प्रबंधन और विकास कार्यों से संबंधित अकाउंट (वित्तीय) की जानकारी भी ली, साथ ही आगामी समय में टेकरी पर प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों की कार्ययोजना की समीक्षा की।

सफेद की जगह होगा लाल रंग- सौंदर्यीकरण को लेकर निर्देश देते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने माताजी मंदिर परिसर में वर्तमान सफेद रंग के स्थान पर पारंपरिक और लाल रंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए अच्छी और उच्च गुणवत्ता वाले रंग (पेंट) का उपयोग किया जाए, जो लंबे समय तक टिका रहे और भव्य दिखाई दे। कलेक्टर श्री सिंह ने माताजी टेकरी पर आकर्षक लाइट लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शंख द्वार को पैंटिंग कर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
भीड़ नियंत्रण के लिए हाई-टेक होगी सुरक्षा व्यवस्था-
कलेक्टर श्री सिंह ने नवरात्रि में दर्शन की सुचारू व्यवस्था के लिए सुरक्षा और संचार व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था और क्राउड कंट्रोलिंग को आसान बनाने के लिए लंबी रेंज वाले ‘वाकी-टॉकी’ खरीदे जाएं। इससे टेकरी के अलग-अलग हिस्सों में तैनात सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों के बीच त्वरित संचार संभव हो सकेगा और आपातकालीन स्थिति में तुरंत कदम उठाए जा सकेंगे। कलेक्टर श्री ऋतु सिंह ने कहा कि तैयारियों का जायजा लेने के लिए नवरात्रि शुरू होने के 15 दिन पहले एक बार फिर से समीक्षा बैठक की जाएगी।

टेकरी पर किए जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया-
कलेक्टर श्री सिंह ने टेकरी पर किए जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री सिंह ने परिक्रमा पथ पर सभी अनावश्यक पोल को हटाने के निर्देश दिए ताकि परिसर व्यवस्थित और साफ-सुथरा नजर आए। इसके साथ ही, माताजी टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने पूरे मार्ग और परिसर में परमानेंट लाइटें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइटिंग की व्यवस्था इस तरह की जाए जिससे रात के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और टेकरी की भव्यता बनी रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने परिक्रमा पथ से अनावश्यक बिजली के तार हटाने के निर्देश भी दिए। रोप वे के पास स्थित मंदिर प्रबंधन समिति कार्यालय को ओर बड़ा बनाने के निर्देश दिए। जैन मंदिर में भी स्थाई लाइट के पोल लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थायी सौंदर्यकरण के निर्देश दिए, जिससे मंदिर परिसर और परिक्रमा पथ ओर भी सुंदर दिखें। बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




