क्राइम

गड्ढे से असंतुलित कार उछली और खेत में पलटी

देवास-डबलचौकी मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, बारिश में पानी भरने से नहीं दिखती गहराई

Share

 

सिरोल्या (अमर चौधरी)। देवास से डबलचौकी तक करीब 35 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए परेशानी के साथ हादसों का कारण भी बनती जा रही है।

सड़क से डामर उखड़ चुका है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भरने के बाद इन गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। बुधवार को नारियाखेड़ा के पास एक ऐसा ही गड्ढा हादसे का कारण बन गया, जहां अनियंत्रित कार रपटे से उछलकर खेत में पलट गई। गनीमत रही कि कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई।

गड्ढे में अनियंत्रित हुई कार, रपटे से उछलकर खेत में पलटी

हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे नारियाखेड़ा के पास छोटे रपटे पर हुआ। जानकारी के अनुसार कार इंदौर से कैलोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढे में कार असंतुलित हो गई। रपटे से उछलने के बाद कार सड़क किनारे खेत के एक गड्ढे में जाकर पलट गई।

कार में कैलोद का एक परिवार सवार था। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार सवारों को बाहर निकाला। हादसे में कोई जनहानि नहीं होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बारिश में और खतरनाक हो जाते हैं गड्ढे

देवास-डबलचौकी मार्ग कई गांवों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क के कई हिस्सों से डामर पूरी तरह निकल चुका है। जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों को यह पता ही नहीं चलता कि आगे सड़क कितनी गहरी है।

देवास-डबलचौकी मार्ग पर नारियाखेड़ा में रपटा उफना 

सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय होती है। रोशनी कम होने के कारण वाहन चालक अचानक सामने आए गड्ढों से बच नहीं पाते और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

कई गांवों के ग्रामीण परेशान

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

चारपहिया वाहन चालकों के लिए तो इस मार्ग से गुजरना विशेष रूप से जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

टेंडर पास, फिर भी शुरू नहीं हुआ काम

ग्राम सरपंच अश्विन चौधरी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य के लिए टेंडर पास हो चुके हैं, लेकिन अभी तक मौके पर काम शुरू नहीं हुआ है।

नेवरी-हाटपिपल्या रोड पर हादसा: शादी से लौट रहे तीन लोग दुर्घटना का शिकार, महिला की मौत 

उन्होंने कहा कि सड़क पूरी तरह गड्ढों से सनी हुई है और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण सड़क पर बैठकर आंदोलन करेंगे और चक्काजाम किया जाएगा। इसकी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Amaltas hospital

 

Back to top button