जन्मदिन पर पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़े वरिष्ठ नागरिक
कैलाशचंद्र नागर बोले- “हर जन्मदिन पर एक पौधा लगाएं और उसकी देखभाल करें, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिल सकेगा।”
देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिक संस्था के सदस्य कैलाशचंद्र नागर ने अपने जन्मदिन को अनूठे अंदाज में मनाते हुए पौधारोपण किया।
मल्हार स्मृति मंदिर स्थित वरिष्ठ नागरिक संस्था परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पेंशनर संघ के अध्यक्ष गंगासिंह सोलंकी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ता बुद्धसेन पटेल ने पौधारोपण कराया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य भी प्रदान करते हैं।

जन्मदिन के अवसर पर कैलाशचंद्र नागर ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, कि “पौधारोपण केवल पौधा रोपना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरित भविष्य की नींव रखना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के हर महत्वपूर्ण अवसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।”
कार्यक्रम में हिमांशु ढाली, श्रवण कुमार कानूनगो, शीलनाथ आरस, मनोहर डी. सिन्हा, राजू सातपुते, गजेंद्र, विनोद तथा सुशील कुमार तिवारी सहित वरिष्ठ नागरिक संस्था के सदस्यों ने भी पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।




