इंदौर

योग से सराबोर हुआ श्रीश्री रविशंकर विद्या मंदिर, विद्यार्थियों ने सीखे स्वस्थ जीवन के सूत्र

Share

 

 

ताड़ासन से ध्यान तक… विद्यार्थियों ने योग से दिया फिट इंडिया का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगासन, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास, नियमित योग का लिया संकल्प

इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीश्री रविशंकर विद्या मंदिर में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ओंकार मंत्र के उच्चारण एवं योग के महत्व पर प्रेरक विचारों के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। ताड़ासन, वज्रासन, भस्त्रिका, कपालभाति तथा अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, एकाग्रता एवं अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।

योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षिका दीपाली पाटिल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के लाभ बताते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में नियम झवरे, प्रशांत आर्य, देव मेधा एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में शांति मंत्र का सामूहिक पाठ किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाते हुए स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

Back to top button