सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज: पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ 2028 के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थान का निरीक्षण किया
उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग से लेकर घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
सिंहस्थ महापर्व 2028 के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थल का निरीक्षण करने के लिए संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ भ्रमण किया। इस दौरान संभागायुक्त ने पार्किंग स्थल के लिए प्रस्तावित जगह का अवलोकन करने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के लिए बनने वाले पार्किंग स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधा रहे इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। सिंहस्थ महापर्व के दौरान विश्वभर से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थल चयनित किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने जावरा, बदनावर, बड़नगर मार्ग की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन सुरक्षित रखने के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थानों का निरीक्षण किया। मौके पर जानकारी दी गई कि प्रमुख मार्गों से आने वाले वाहनों को पार्किंग स्थानों पर पार्क करने के बाद श्रद्धालु स्नान के लिए घाट तक और मेला क्षेत्र में जा सकेंगे। पार्किंग स्थलों पर वाहनों के लिए पर्याप्त जगह बनाई जाएगी। जिससे वाहनों को रखने में परेशानी नही हो।
संभागायुक्त श्री सिंह ने पार्किंग स्थल की जानकारी लेने के बाद निर्देश दिए है कि सिंहस्थ के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को रखने के लिए जो पार्किंग स्थान तय किए जाएं, वहां सुविधा भी रहे। श्रद्धालुओं को नदी में स्नान के लिए और मेला क्षेत्र में जाने के लिए अधिक नही चलना पड़े। पार्किंग स्थल से घाट तक निर्धारित किए गए मार्ग में कोई परेशानी नही हो।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थानों पर क्या सुविधाएं रहेगी इसकी भी पूरी प्लानिंग कर ली जाए। निरीक्षण के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी, एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौर, ट्रैफिक डीएसपी दिलीप परिहार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




