देवास में किसानों ने किया धरना प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

देवास। विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में किसानों ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता व पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। तेज धूप में किसान काफी देर तक धरने पर बैठे रहे।
जिला मंत्री शेखर पटेल ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। इसके चलते किसानों को प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पराली नहीं जलाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने, किसानों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने तथा एमपीईबी के तारों से खेतों में लगी आग से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग रखी।
किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान जिला मंत्री श्री पटेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष गुहार लगा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि किसानों पर दर्ज एफआईआर और पराली प्रबंधन जैसी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि एमपीईबी के तारों से खेतों में लगी आग से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन अब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो किसान संघ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। किसानों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह को मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।




