देवास

Dewas news दूध के भाव में उबाल, 1 अप्रैल से दूध 4 रु. महंगा, अब 64 रुपए लीटर मिलेगा

Share

 

रोजाना 75-80 हजार लीटर खपत, चाय से लेकर दही-पनीर, मिठाई-मावा तक पर होगा असर

देवास में 1 अप्रैल से दूध के दाम ₹4 प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं। अब तक 60 रुपए लीटर मिलने वाला दूध अब 64 रुपए में मिलेगा। देवास दूध संगठनकी बैठक में यह निर्णय लिया गया।

देवास। शहर में एक बार फिर महंगाई का असर दिखाई देने लगा है। दूध के दामों में ₹4 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष राजेश गोस्वामी ने बताया कि यह निर्णय बैठक में लिया गया है। इंदौर में दाम बढ़ने के बाद देवास में भी कीमतें बढ़ाई गई हैं।

प्रतिदिन 75-80 हजार लीटर की खपत-
देवास में रोजाना करीब 75 से 80 हजार लीटर दूध की खपत होती है। शहर में दूध का उपयोग केवल पीने के लिए ही नहीं, बल्कि चाय, मिठाई, मावा और अन्य डेयरी उत्पाद बनाने में भी बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे में दाम बढ़ने से आम लोगों के साथ व्यापारियों पर भी असर पड़ेगा।

डेयरी उत्पाद भी होंगे महंगे-
दूध के दाम बढ़ने का असर अन्य उत्पादों पर भी दिखाई देगा। दही, पनीर, मक्खन, मावा और चक्का के दाम बढ़ने की संभावना है। इससे बाजार में महंगाई और बढ़ सकती है।

गुणवत्ता पर पहले से उठ रहे सवाल-
शहर में दूध की गुणवत्ता को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। पिछले दिनों नगर जनहित सुरक्षा समिति ने दूध, पनीर सहित अन्य डेयरी उत्पादों में मिलावट की जांच की मांग की थी। ऐसे में दाम बढ़ने के साथ ही लोग गुणवत्ता को लेकर भी चिंतित हैं।

प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
नेशनल यूनिटी ग्रुप के संस्थापक अनिलसिंह ठाकुर ने दूध के दाम बढ़ने पर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है, इसलिए प्रशासन को इस मामले में कदम उठाना चाहिए।

5 से 5.50 फैट का मिल रहा दूध-
अध्यक्ष राजेश गोस्वामी ने दावा किया है कि शहर में 5 से 5.50 फैट तक का दूध उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। किसान भाव बढ़ाने की मांग कर रहे थे। दूध उत्पादन में होने वाले खर्चे में बढ़ोतरी एवं दूध खरीदी के भाव में लगातार हो रही वृद्धि के विषय पर चर्चा कर सर्वसम्मति से 4 रुपए लीटर भाव बढाए गए।
कुल मिलाकर, दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी देवास के उपभोक्ताओं के लिए एक और आर्थिक दबाव लेकर आई है, जिसका असर घर के बजट से लेकर बाजार तक साफ दिखाई देगा।

इससे पहले 1 मार्च 2023 में दूध के भाव 58 से बढ़ाकर 60 रु प्रति लीटर किए गए। फिर इंदौर में भाव कम होने पर 1 अक्टूबर 2023 को 4 रु कम कर राहत दी और 56 रु लीटर किया गया। इसके बाद 1 अक्टूबर 2024 को फिर 4 रु बढ़ाकर 60 रु भाव किया गया था।

Back to top button