अवैध शराब के कारोबारियों पर आबकारी विभाग का शिकंजा

देवास-बागली में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 15 प्रकरण दर्ज, शराब व लहान जब्त
देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। निर्माण से लेकर संग्रहण और विक्रय तक अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में शराब माफियाओं की कमर तोड़ते हुए भारी मात्रा में अवैध मदिरा और कच्चा माल जब्त किया गया है।

आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त देवास (बी) एवं वृत्त बागली क्षेत्र में संयुक्त रूप से दबिश देकर अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 10 कैन बियर, 12 पाव विदेशी मदिरा, 130 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 1600 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 73 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग ने इस कार्रवाई में कुल 15 प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

लगातार कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप-
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।




