प्रदेश कांग्रेस ने मनोज राजानी को मंदसौर जिले का प्रभारी नियुक्त किया

देवास। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए देवास के वरिष्ठ नेता मनोज राजानी को मंदसौर जिला कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की अनुशंसा पर की गई है।
मनोज राजानी लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं। वे पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री रह चुके हैं। संगठन के भीतर उनकी पहचान एक सक्रिय, समर्पित और रणनीतिक सोच वाले नेता के रूप में है।
इससे पहले भी श्री राजानी को शाजापुर और आगर जिलों का प्रभारी बनाया गया था, जहाँ उन्होंने अपने नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान की थी। उनकी कार्यशैली, संवाद कौशल और संगठन के हर स्तर तक पहुंच बनाने की क्षमता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
मंदसौर जिले के प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेसजनों में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि मनोज राजानी की नियुक्ति से मंदसौर जिले में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने श्री राजानी को शुभकामना देते हुए भरोसा जताया कि वे अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश कांग्रेस को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे।




