आपका शहर

सोमवती अमावस्या पर नेमावर में नर्मदा स्नान के लिए उमड़ा जन सैलाब

Share

भीषण गर्मी के दौर में करीब सवा लाख भक्तों ने किया पवित्र स्नान

नेमावर (संतोष शर्मा)। हिन्दू पंचाग के अनुसार जेष्ठ माह की बड़ी अमावस्या सोमवार को होने व वट सावित्री तथा शनि जयंती के विशेष त्रिकोणी संयोग मिल जाने से इस पर्व स्नान का महत्व बढ़ गया। पर्व की महत्ता को देखते हुए हजारों नर्मदा भक्त पैदल व वाहनों से यात्रा कर अमावस्या पर्व की पूर्व संध्या रविवार से ही नाभितीर्थ क्षेत्र नेमावर में एकत्र होने लगे। भक्तों ने रविवार की संध्याकाल में पहुंचकर मां की निर्मल गोद में रात्रि जागरण किया। प्रातःकाल मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर भगवान सिद्धनाथ, रिद्धनाथ, पिंगलेश्वर का जलाभिषेक कर धन-धान्य, आरोग्य की मंगल कामना के साथ पूजा-अर्चना की। परिसर में विराजे ब्राह्मणों को दान देकर आशीष ग्रहण किया। घाट पर बैठे दरिद्र नारायणों को अन्न, वस्त्र, छाता आदि का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। करीब सवा लाख नर्मदा भक्तों ने गर्मी के तीखे तेवर को भी मात देकर आस्था की डुबकी लगाकर मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान का पुण्य प्राप्त किया। नर्मदा के नागर घाट तथा सिद्धनाथ घाट पर सुविधा बनाए रखने के लिए नगर पंचायत सीएमओ बलीराम मंडलोई, एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा, एसडीओपी कन्नौद, थाना प्रभारी आरआर वास्कले, तहसीलदार, एसडीएम सहित सभी विभागों की टीम तैनात थी।

इधर सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति के बाद भी जब मुख्य मंदिर सिद्धनाथ में दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे तो उन्हें तेज गर्मी व चिलचिलाती धूप में खड़े होकर दर्शन को विवश होना पड़ा। मंदिर परिसर में प्यास बुझाने के लिए पानी भी नसीब नहीं हो सका, जो चर्चा का विषय बना रहा। बड़ी एवं महत्व की अमावस्या के अवसर पर गर्मी को देखते हुए छाया व पेयजल की व्यवस्था की जाना नितांत आवश्यक थी, प्रशासन की यह चूक जनचर्चा का विषय बन गई। वही बस स्टैंड से मठ होते हुए नर्मदा घाट पहुंचने वाले मार्ग पर चार पहिया वाहनों तथा दो पहिया वाहनों की रेलमपेल के चलते इस मार्ग पर पैदल चलकर जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन वालों ने सड़क किनारे पर ही वाहनों की पार्किंग कर मार्ग को काफी संकरा कर दिया। आमने-सामने की क्रासिंग में कई बार वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।

सुबह से शाम तक चला भंडारा-

क्षेत्रीय विधायक पं. आशीष शर्मा के सानिध्य में संस्था भगवन ने सोमवती अमावस्या पर्व पर भंडारा किया। अमावस्या पर विगत 7 वर्षों से निरंतर चल रहे भंडारे में हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। विधायक श्री शर्मा अमावस्या पर्व की पूर्व संध्या से ही भोजन भंडारे की व्यवस्था में जुट गए थे। उन्होंने रात्रि में भोजन तैयार करवाया। सुबह से शाम तक स्वयं अपने हाथों से आने वाले हर भक्त को प्रसादी वितरण की। यह क्रम सुबह से शाम तक अनवरत चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button