क्राइम

रातातलाई के जंगल में मिला कंकाल, मची सनसनी

Share

 

सड़क से दो किलोमीटर भीतर मिला मानव कंकाल, पहचान के लिए इंदौर भेजे गए अवशेष

उदयनगर (बाबू हनवाल)। किशनगढ़ रातातलाई के जंगल में मानव कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जंगल में मवेशी चरा रहे एक ग्रामीण की नजर कंकाल पर पड़ी तो उसने तत्काल उदयनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक ग्रामीण जंगल में मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान सड़क से लगभग दो किलोमीटर अंदर उसे मानव कंकाल दिखाई दिया। कंकाल देखकर वह घबरा गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विजेंद्र सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा बनाकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कंकाल एक माह पुराना प्रतीत हो रहा है। कपड़े भी बुरी तरह खराब हो चुके थे, जिससे मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

बागली एसडीओपी संजय बैस ने बताया कि शव संभवतः करीब एक माह पुराना है। जंगल में पड़े रहने के कारण जंगली जानवर शव को खा गए, जिससे केवल कंकाल ही शेष बचा है। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए कंकाल को पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच हेतु इंदौर भेजा गया है।

पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है। हड्डियों की वैज्ञानिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Back to top button