
भोपाल। मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक (विशेष शिक्षा) नियोजन 2026 के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज अपलोड एवं सत्यापन की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गयी है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस संबंध में जारी सूचना के अनुसार कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्राथमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक (विशेष शिक्षा) चयन परीक्षा वर्ष 2025 के परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर नियोजन संबंधी प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जा रही है।
अभ्यर्थियों को 18 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा जिला विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद 19 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक जिला स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को पोर्टल पर प्रदर्शित सभी जिलों को प्राथमिकता क्रम देना अनिवार्य होगा। दस्तावेज अपलोड करने के अगले दिन अभ्यर्थी को स्वयं चयनित दस्तावेज सत्यापन केंद्र पर उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।
समय-सीमा चूके तो चयन प्रक्रिया से बाहर-
विभाग ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में प्रोफाइल पंजीयन, दस्तावेज अपलोड, जिला चयन और पोर्टल शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर वे चयन प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में उनकी नियुक्ति के संबंध में कोई विचार नहीं किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नियोजन प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए एमपी ऑनलाइन पोर्टल [trc.mponline.gov.in](https://trc.mponline.gov.in/) को लगातार देखते रहें।




