पालकी में सवार होकर भगवान सिद्धनाथ ने किया नगर भ्रमण

Posted by

सावन माह के प्रथम सोमपर्व पर भक्तों का उमड़ा सैलाब
नेमावर (संतोष शर्मा)। मध्यप्रदेश के देवास जिले की सीमा पर नर्मदा के नाभि तीर्थ पर बसे नेमावर में सनकादिक ऋषियों द्वारा स्थापित अनादि सिद्धनाथ महादेव के दर्शन पूजन हेतु सावन के प्रथम सोम पर्व पर हजारों शिव भक्त पहुंचे। भक्तों ने दर्शन के साथ मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर पुण्य लाभ लिया।
रविवार शाम से ही तीर्थ नगरी में भक्तों का आगमन प्रारंभ हो गया था। भक्तों ने रात्रि में विश्राम कर सुबह पवित्र जल में स्नान किया। इसके पश्चात प्राचीन सिद्धनाथ महादेव की प्रात: चार बजे भस्म आरती में शामिल हुए। दर्शन-पूजन का दौर सुबह से प्रारंभ हुआ जो खबर लिखे जाने तक जारी था। भक्त शिवभक्ति में लीन दिखाई दिए। दोपहर पश्चात भगवान काे परम्परानुसार नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण से पूर्व मां अहिल्या के शासनकाल में शिव अर्पण की गई चांदी की पालकी में भगवान का षोडश उपचारित पूजन अर्चन किया। महंत संदीप पुरी ने अभिषेक कर भगवान के अष्ट धातु से निर्मित चेहरे का आलौकिक मनभावन श्रृंगार किया।

पालकी में विराजमान होकर भगवान सिद्धनाथ ने भ्रमण कर नगरवासियों को आशीर्वाद दिया। ढोल नगाड़े, भजन मंडली की सुंदर प्रस्तुति के साथ पालकी यात्रा बस स्टैंड, प्रयास चौक, बड़ा बाजार होते गुर्जर मोहल्ला, पेड़ीघाट, कृष्ण गली होते पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। यहां भगवान का पूजन अर्चन कर आरती उतारी गई व प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर में भगवान के आगमन को लेकर उत्साह रहा। भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारे के साथ भगवान की आरती उतारी। बिल्वपत्र, पुष्प, श्रीफल भेंट अर्पण कर अगवानी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *