धर्म-अध्यात्म

भजन-कीर्तन के साथ साहित्य व शरबत वितरण कर शिष्यों ने मनाया आसाराम बापू का जन्मदिन 

देवास। आसाराम बापू के शिष्यों ने बापू का जन्मदिन स्वामी शिवानंद के इस उपदेश के अनुसार मनाया, कि शिष्यों को अपने गुरुदेव का जन्मदिन बहुत ही भव्यता के साथ मनाना चाहिए।

आसाराम बापू का जन्मदिन शिष्य पूरे विश्व में विश्व सेवा सत्संग दिवस के रूप में मनाते हैं। उसके अनुसार आश्रम में ध्यान, भजन, भंडारा होता है तथा नगर में फल, शरबत, साहित्य वितरण आदि आयोजन किए जाते हैं। देवास स्थित आश्रम में सुबह 9 बजे से आयोजन प्रारंभ हुए।

सबसे पहले वीडियो सत्संग, उसके पश्चात  ध्यान, भजन-कीर्तन किया गया। फिर बापू  की जीवनलीला पर आधारित आशारामायण ग्रंथ का संगीतमय पाठ हुआ। पाठ के बाद सभी ने श्री चरण पादुका का पूजन किया। पादुकाजी को पूरे आश्रम में घुमाकर शोभा यात्रा निकाली गई। गुरुदेव के अवतरण समय ठीक 12 बजे 88 दीपक जलाकर, भजन एवं नृत्य के साथ जन्मोत्सव मनाया।

88वें जन्मदिन में समिति के वरिष्ठ संरक्षक जमीयत मघांनी ने दीप प्रज्ज्वलित किया। पाठ, ध्यान, भजन-कीर्तन समिति के भजन मंडल प्रभारी बीडी जामनेरा ने करवाए। आरती करके भोजन प्रसादी भंडारे का आयोजन लखन कौशल के मार्गदर्शन में किया गया, जो कि दिवस पर्यंत चलता रहा। नगर में युवा सेवा संघ प्रभारी एवं महिला मंडल प्रभारी के सहयोग से श्रीयोग वेदांत सेवा समिति ने शरबत वितरण का आयोजन किया। शरबत वितरण लखनभाई जलेबी वाले की दुकान के समक्ष शहर के मुख्य मार्ग एमजी रोड पर रखा गया।

शिष्यों ने प्रेम व श्रद्धा से गुरुदेव के  अवतरण दिवस के भजन गाते हुए मार्ग में जाने वाले लोगों को शरबत पान करवाया। ऋषि प्रसाद के सेवादारी भक्तों ने ऋषि प्रसाद पत्रिका का वितरण भी उत्साह से किया। उपर्युक्त जानकारी देते हुए महिला मंडल की मीडिया प्रभारी आशा गोस्वामी ने बताया, कि देवास साधक भी विश्व सेवा सत्संग की भावना के साथ गुरुदेव के उपकारों को याद करते हुए बापूजी का अवतरण दिवस  मना रहे हैं। आज सब भक्त घर एवं ऑफिस के कार्यों से मुक्त होकर अवतरण दिवस के सेवा कार्यों में जुटे हैं। आश्रम पर उपस्थित यह विशाल भक्त मंडल इस बात का प्रमाण है। शाम को महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में फल एवं साहित्य वितरण का कार्यक्रम रखा गया। फल वितरण समिति प्रभारी सुनील देशमुख एवं रमाकांत बघेल की उपस्थिति में किया गया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button