आपका शहरधर्म-अध्यात्मराजनीतिराज्य

सब प्रण करें कि कोई न कोई सेवा का कार्य जरूर करें, सेवा छोटी हो या बड़ी हृदय से करें – मुख्यमंत्री श्री चौहान

-मुख्यमंत्री देवास जिले के ग्राम करोंदमाफी में करुणाधाम आश्रम में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हुए शामिल

-नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प, सरकार जनता के साथ मिलकर नशा मुक्ति अभियान चलाएगी

देवास। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान देवास जिले में खातेगांव तहसील के ग्राम करोंदमाफी में करुणाधाम आश्रम में मां नर्मदा, श्रीहनुमान जी महाराज, करुणाधाम आश्रम के पितृपुरुष ब्रह्मलीन बड़े गुरुदेव व शक्ति स्वरूपा माताजी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सपत्नीक शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सपत्नीक विधि विधान से पूजा अर्चना की। आश्रम परिसर में स्थित गोशाला का भ्रमण भी किया। समारोह में समाजसेवियों, प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों और भूमि दान करने वालों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मेरा सौभाग्य है कि यहां आया हूं। यह सिद्ध स्थान है। यहां परिक्रमावासियों को आश्रय तो मिलेगा ही साथ ही धार्मिक आयोजन भी होते रहेंगे। यहां हम सब प्रण करें कि कोई न कोई सेवा का कार्य जरूर करें। सेवा छोटी हो या बड़ी हो इसका महत्व नहीं है जो भी करें हृदय से करें। मां नर्मदा की कृपा हम सब पर बनी है। यहां से मां नर्मदा को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे जीवन सफल हो गया है।

नशा मुक्ति का संकल्प लें और नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाएं-

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। इससे किसी का उद्धार नहीं हुआ है। हमने नर्मदा किनारे की शराब दुकानें बंद कराई है। शराब को सरकार बढ़ावा नहीं देगी। सरकार जनता के साथ मिलकर नशा मुक्ति अभियान चलाएगी। यहां से हम सब नशा मुक्ति का संकल्प ले और नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नशामुक्ति का संकल्प दिलाया कि मैं संकल्प लेता हूं कि नशे से चाहे वह शराब का हो या अन्य प्रकार का नशा हो दूर रहूंगा और समाज के अन्य व्यक्तियों को दूर रखने का प्रयत्न करूंगा, हम इसको नहीं लेंगे।

किसान भाई प्राकृतिक खेती अपनाएं-

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गांव को साफ रखना है तो ग्रामवासियों को हाथ बढ़ाना होगा। सरकार अकेले नहीं कर सकती। किसान भाई नरवाई नहीं जलाए। नरवाई के साथ बहुत से जीव जंतु नष्ट होते हैं। मिट्टी की उत्पादन क्षमता भी कम होती है। किसान भाई प्राकृतिक खेती को अपनाएं। फर्टिलाइजर खेती जमीन को 50 सालों में बंजर कर देगी। जहरीली खेती से बचने के लिए किसान प्राकृतिक खेती अपनाएं। दुनियाभर में अनाज की मांग है। प्राकृतिक खेती में पानी भी कम लगता है। प्राकृतिक खेती में फर्टिलाइजर खाद की आवश्यकता नहीं होती है। किसान भाई प्राकृतिक खेती की ओर बढ़े। किसान भाई शुरुआत में प्रयोग के तौर एक एकड़ या आधा एकड़ में प्राकृतिक खेती की शुरू कर सकते हैं। इसके बाद लाभ मिलने पर आगे खेती का रकबा बढ़ाएं।

सभी नागरिक साल में एक बार पेड़ जरूर लगाएं-

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभी साल में एक बार पेड़ जरूर लगाएं। आज हम सब प्रण लें कि जन्मदिन या अन्य किसी उत्सव पर साल में एक बार पेड़ जरूर लगाएंगे। मध्यप्रदेश में जो बेटी के साथ दुराचार करेगा, उसे सजा मिलेगी। उन्हें आर्थिक रूप से तोड़ा भी जाएगा। बेटी बचाने और बेटी पढ़ाने का संकल्प लें। हम सोलर एनर्जी से बिजली बना रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि करोंजमाफी ग्राम में गौरव दिवस मनाया गया। सुदेश महाराज ने कहा कि हम मां नर्मदा के पावन तट पर उपस्थित है। मां नर्मदा के तट पर किया हुआ हर कार्य वज्र के समान होता है। लक्ष्मी दो प्रकार की होती है लक्ष्मी और अलक्ष्मी। जहां अलक्ष्मी होती है वहा कलह होती है। जहां अस्वच्छता है वहां अलक्ष्मी होगी। लक्ष्मी के लिए स्वच्छता बनाए। ग्राम घर सहित मस्तिष्क को भी स्वच्छ बनाए रखे। मां नर्मदा ने यह स्थान सेवा के लिए आवंटित किया है। ग्रामवासियों की इच्छा शक्ति और सेवा ने आश्रम का निर्माण किया है। विधायक खातेगांव आशीष शर्मा ने कहा कि यह गांव प्राचीन है। मां नर्मदा का आशीर्वाद हम सब पर बना हुआ है। नर्मदा परिक्रमावासियों को यहां आश्रम में गांववासियों के सहयोग से आश्रय मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक द्वारा की गई मांगों पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल, संतगण, आयुक्त संदीप यादव, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत प्रकाशसिंह चौहान, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, एसडीएम त्रिलोचन गौड़ सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button